1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. कच्चे तेल में उबाल से बाजार में दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स टूटकर 57 हजार के करीब

कच्चे तेल में उबाल से बाजार में दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स टूटकर 57 हजार के करीब

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 22, 2022 11:29 am IST,  Updated : Mar 22, 2022 11:29 am IST

वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2.14 फीसदी बढ़कर 119 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है।

sensex- India TV Hindi
sensex Image Source : FILE

Highlights

  • 57,139.96 अंक पर कारोबार कर रहा है बीएसई सेंसेक्स 11 बजे तक
  • 17,070.20 अंक पर पहुंचा एनएसई निफ्टी टूटने के बाद फिर
  • विदेशी निवेशकों ने सोमवार को 2,962.12 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

नई दिल्ली। तेल की बढ़ती हुई कीमतों को लेकर उपजी चिंताओं के बीच बैंकिंग तथा वित्तीय शेयरों के नुकसान में जाने से मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 200 अंक से अधिक टूट गया। इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 11 बजे तक 152.53 अंक की गिरावट के साथ 57,139.96 अंक पर था। इसी तरह एनएसई निफ्टी 47.40 अंक टूटकर 17,070.20 अंक पर आ गया। कच्चे तेल में उबाल से शेयर बाजार में गिरावट बढ़ी है। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2.14 फीसदी बढ़कर 119 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 2,962.12 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

इन कंपनियों के शेयरों में गिरावट 

सेंसेक्स में शुरुआती कारोबार में हिंदुस्तान यूनीलिवर लिमिटेड, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, नेस्ले इंडिया और एक्सिस बैंक के शेयर नुकसान में थे। वहीं टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस तथा पॉवर ग्रिड के शेयर हरे निशान में थे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 571.44 अंक यानी 0.99 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,292.49 पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 169.45 अंक यानी 0.98 प्रतिशत टूटकर 17,117.60 अंक पर बंद हुआ था। 

डॉलर के मुकाबले रुपया 28 पैसे टूटा

वैश्विक स्तर पर तेल की आपूर्ति को लेकर बढ़ी चिंताओं तथा घरेलू शेयर बाजार में नकारात्मक रूख के कारण रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 28 पैसे की गिरावट के साथ 76.46 पर आ गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 76.39 पर कमजोर खुला, फिर यह और टूटकर 76.46 पर आया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 28 पैसे की गिरावट को दर्शाता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा