नई दिल्ली। जब आप अपना बैंक स्टेटमेंट देखते हैं और यह पाते हैं कि कई तरह के बैंक चार्ज आपकी मेहतन की कमाई को दीमक की तरह चट कर रहे हैं तो आपको कितना गुस्सा आता होगा। हालांकि छोटे-छोटे शुल्कों के रूप में बैंक एक लंबे समय में आपसे एक बड़ी राशि वसूल लेते हैं। मासिक औसत शेष (एमएबी) आवश्यकता की अनदेखी, डेबिट कार्ड जारी करना और यहां तक कि एकाउंट को बंद करने समेत कई सेवाओं के लिए बैंक विभिन्न शुल्क वसूलते हैं। अब आपके लिए अच्छी खबर यह है कि आप इन शुल्कों से बच सकते हैं। आप अपने नाम पर एक जीरो बैलेंस एकाउंट खोलकर इन तमाम शुल्कों से बच सकते हैं। भारतीय स्टेट बैंक (SBI), ICICI और HDFC जैसे तमाम प्रमुख बैंक आधारभूत बचत बैंक जमा (बीएसबीडी) एकाउंट खोलते हैं, जो आपके धन को किसी शुल्क या फीस के बोझ के बिना सुरक्षित रखते हैं।
कैसे खोलें इसे
हालांकि यह मुख्यरूप से गरीब लोगों के लिए है, लेकिन वैध केवाईसी दस्तावेज उपलब्ध कराने के जरिये कोई भी व्यक्ति जीरो बैलेंस बैंक एकाउंट खुलवा सकता है। एसबीआई ऐसे एकाउंट को ऑनलाइन भी खोलती है।
इसके लाभ
इस एकाउंट का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आप इसे बिना किसी शुरुआती राशि के खोल सकते हैं और इसमें कोई भी न्यूनतम शेष रखने की आवश्यकता नहीं होती है। आप इसे सिंगल, संयुक्त या किसी अन्य के साथ खोल सकते हैं। इस तरह के बैंक एकाउंट पर मिलने वाला ब्याज सामान्य बचत बैंक एकाउंट के समान ही होता है। जीरो बैलेंस एकाउंट में 1 करोड़ रुपए से कम की जमा पर 3.5 प्रतिशत की दर से ब्याज मिलता है।
इसके अलावा, डेबिट कार्ड जारी करने पर भी कोई शुल्क नहीं वसूला जाता है, जबकि सामान्य खातों के लिए बैंक 100 से 300 रुपए तक वसूलते हैं। बैंक इस एकाउंट के लिए बेसिक रूपेएटीएम कम डेबिट कार्ड जारी करते हैं। यह बिना किसी शुल्क के होते हैं। सामान्य बचत खाते की तरह आप इस एकाउंट में इंटरनेट बैंकिंग की सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। यदि आप इस एकाउंट को बंद करना चाहते हैं तो इसके लिए भी कोई शुल्क नहीं देना होगा। हालांकि, एचडीएफसी बैंक 500 रुपए का शुल्क वसूलता है यदि ऐसे एकाउंट को खुलने के 15 दिन बाद लेकिन एक साल पूरा होने से पहले ही बंद करवाया जाता है। एक साल बाद यहां कोई शुल्क नहीं है। हालांकि एसबीआई एकाउंट किसी भी समय बंद करने पर कोई शुल्क नहीं लेता है।
हमेशा रखें याद
हालांकि, जीरो बैलेंस एकाउंट खुलवाने की एक अनिवार्य शर्त है कि आपके पास अन्य कोई बचत बैंक एकाउंट नहीं होना चाहिए। यदि आपके पास ऐसा कोई एकाउंट है तो बेसिक सेविंग बैंक डिपॉजिट एकाउंट खुलने के 30 दिनों के भीतर आपको उसे बंद करवाना होगा। इसके अलावा आप अपने जीरो बैलेंस एकाउंट की बैंक ब्रांच से केवल 4 लेनदेन ही कर पाएंगे।