Indian Railways: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को दो नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अश्विनी वैष्णव ने बिहार के छपरा और दिल्ली के आनंद विहार के बीच चलाई जाने वाली नई ट्रेन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही, उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के मऊ और आनंद विहार के बीच चलने वाली नई ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। खास बात ये है कि छपरा और आनंद विहार के बीच चलाई जाने वाली ये नई ट्रेन भी मऊ के रास्ते से होकर दिल्ली पहुंचेगी।
मऊ, आजमगढ़, शाहगंज और जौनपुर को एक साथ मिली 2 ट्रेनें
शुक्रवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के मऊ, आजमगढ़, शाहगंज और जौनपुर को जहां एक साथ दो नई ट्रेनों की सौगात मिली, तो वहीं दूसरी ओर बलिया और सुल्तानपुर को भी एक-एक नई ट्रेन मिल गई है। अब दिल्ली से मऊ के लिए कुल 6 ट्रेनें हो गई हैं। इन दो नई ट्रेनों से पहले, दिल्ली से मऊ आने-जाने के लिए 4 ट्रेनें- लिच्छवी एक्सप्रेस, गरीब नवाज एक्सप्रेस, मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस, मऊ-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही थीं।
छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस
छपरा से आनंद विहार के बीच चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 12527, छपरा-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन प्रत्येक रविवार को रात 08.50 बजे छपरा से प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 02.00 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में, आनंद विहार से छपरा के बीच चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 12528, आनंद विहार-छपरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन प्रत्येक सोमवार को शाम 04.25 बजे आनंद विहार से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 09.40 बजे छपरा पहुंचेगी।
ये ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ चारबाग, सुल्तानपुर, जौनपुर, शाहगंज, आजमगढ़, मऊ और बलिया रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।
मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस
मऊ से आनंद विहार के बीच चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 14055, मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को सुबह 10.30 बजे मऊ से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह-सुबह 03.00 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में, आनंद विहार से मऊ के बीच चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 14056, आनंद विहार-मऊ एक्सप्रेस ट्रेन प्रत्येक बुधवार को दोपहर 03.00 बजे आनंद विहार से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 05.45 बजे मऊ पहुंचेगी।
ये ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, जंघई, जौनपुर, शाहगंज, खोरासन रोड, आजमगढ़ और मुहम्मदाबाद रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।
भारतीय रेल द्वारा चलाई गई इन दोनों नई ट्रेनों के बारे में बाकी सभी जानकारी के लिए आप रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट https://enquiry.indianrail.gov.in/mntes/ पर जा सकते हैं। इस वेबसाइट पर आपको ट्रेन के सभी स्टॉपेज के आगमन और प्रस्थान की पूरी समय-सारणी की जानकारी मिल जाएगी।
ये भी पढ़ें-
RBI ने किसान क्रेडिट कार्ड के मानदंडों में किए अहम बदलाव, अगले साल जनवरी से लागू होंगे नए नियम