Friday, February 27, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. Google Maps पर मिलेगी आधार सेंटर की पूरी जानकारी, अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा भी शुरू करने की संभावना

Google Maps पर मिलेगी आधार सेंटर की पूरी जानकारी, अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा भी शुरू करने की संभावना

Edited By: Sunil Chaurasia Published : Feb 27, 2026 06:47 am IST, Updated : Feb 27, 2026 06:47 am IST

ये सुविधा आने वाले महीनों में शुरू होने की संभावना है। इस सहयोग से देश भर में मौजूद 60,000 से ज्यादा आधार केंद्रों तक लोगों की आसान पहुंच सुनिश्चित होगी।

google maps, aadhaar, aadhaar card, aadhaar center, aadhaar number, aadhaar seva kendra, aadhaar cen- India TV Paisa
Photo:HTTPS://X.COM/RAILNF आने वाले कुछ महीनों में शुरू हो सकती है सुविधा

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) और दिग्गज टेक कंपनी गूगल ने देशभर में अधिकृत 'आधार' सेंटर को गूगल मैप पर दिखाने के लिए साझेदारी की है। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस पहल के जरिए लोग गूगल मैप पर खोज कर ये जान सकेंगे कि संबंधित आधार केंद्र पर वयस्क नामांकन, बच्चों के नामांकन या सिर्फ पता और मोबाइल नंबर अपडेट की सुविधा जैसी कौन-सी सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा गूगल मैप पर आधार केंद्र की सुगम्यता से जुड़ी जानकारी भी दिखाई जाएगी। इसमें दिव्यांगजन के अनुकूल ढांचा, पार्किंग सुविधा और कार्य समय की जानकारी शामिल होगी। 

आने वाले कुछ महीनों में शुरू हो सकती है सुविधा

ये सुविधा आने वाले महीनों में शुरू होने की संभावना है। इस सहयोग से देश भर में मौजूद 60,000 से ज्यादा आधार केंद्रों तक लोगों की आसान पहुंच सुनिश्चित होगी। यूआईडीएआई के सीईओ भुवनेश कुमार ने कहा, "आधार धारकों के जीवन को आसान बनाना हमारी प्राथमिकता है। ये सहयोग अधिकृत आधार केंद्रों तक पहुंच को आसान, तेज और पारदर्शी बनाएगा।" साझेदारी के अगले चरण में यूआईडीएआई 'गूगल बिजनेस प्रोफाइल' के जरिए केंद्रों की जानकारी का प्रबंधन करेगा और लोगों की प्रतिक्रिया का सीधे जवाब देगा। आगे चलकर गूगल मैप के जरिये सीधे 'अपॉइंटमेंट' बुक करने की सुविधा भी शुरू किए जाने की संभावना है। 

UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध होती है आधार केंद्रों की जानकारी

गूगल इंडिया में रणनीतिक साझेदारी प्रमुख रोली अग्रवाल ने कहा कि इस पहल से करोड़ों लोगों को भरोसेमंद सरकारी सेवाएं खोजने में आसानी होगी और सरकारी ढांचे एवं आम लोगों के बीच की दूरी कम होगी। बताते चलें कि अभी अधिकृत आधार केंद्रों की जानकारी के लिए UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होता है। UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर आधार सेवा केंद्रों के अलावा, अन्य सभी अधिकृत आधार केंद्रों की जानकारी उपलब्ध रहती है। इसके अलावा, अगर कोई नया आधार सेवा केंद्र खुलता है, तो वेबसाइट पर उसकी जानकारी भी अपलोड कर दी जाती है।

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement