1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. Gold Price Today: लगातार गिरावट के बाद आज महंगा हुआ सोना-चांदी, जानिए, क्या हैं आज के रेट

Gold Price Today: लगातार गिरावट के बाद आज महंगा हुआ सोना-चांदी, जानिए, क्या हैं आज के रेट

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Aug 08, 2022 03:58 pm IST,  Updated : Aug 08, 2022 03:58 pm IST

Gold Price Today: चांदी भी 527 रुपये की तेजी के साथ 58,465 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 57,938 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

Gold Price Today - India TV Hindi
Gold Price Today Image Source : FILE

Gold Price Today: पिछले कुछ दिनों से लगतार गिरावट के बाद हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोने और चांदी की कीमत में बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 97 रुपये की तेजी के साथ 52,490 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में उछाल तथा रुपये के मूल्य में गिरावट से सोना मजबूत हुआ। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 52,393 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी भी 527 रुपये की तेजी के साथ 58,465 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 57,938 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को सुबह के कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपये का मूल्य 22 पैसे घटकर 79.46 रुपये प्रति डॉलर रह गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी लौटी तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,777 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। चांदी 20.07 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ‘‘न्यूयॉक स्थित जिंस एक्सचेंज कॉमेक्स में सोने का हाजिर भाव 1,777 डॉलर प्रति औंस था जिससे यहां भी पीली धातु में मजबूती रही।’’

सोना के वायदा कीमत में 120 रुपये की तेजी

मजबूत हाजिर मांग के कारण सटोरियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली करने से वायदा बाजार में सोमवार को सोना 120 रुपये की तेजी के साथ 51,994 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अक्टूबर महीने की डिलिवरी के लिये सोना 120 रुपये यानी 0.23 प्रतिशत की तेजी के साथ 51,994 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसमें 15,629 लॉट के लिये कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली करने से सोना वायदा कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयार्क में सोना दो प्रतिशत की तेजी के साथ 1,793.20 रुपये प्रति औंस हो गया।

चांदी वायदा कीमतों में तेजी

मजबूत हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया जिससे वायदा बाजार में सोमवार को चांदी की कीमत 503 रुपये की तेजी के साथ 57,867 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सितंबर महीने में डिलिवरी वाले चांदी के अनुबंध की कीमत 503 रुपये यानि 0.88 प्रतिशत की तेजी के साथ 57,867 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। इसमें 17,420 लॉट के लिए कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि घरेलू बाजार में तेजी के रुख के कारण कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली करने से चांदी वायदा कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी एक प्रतिशत की तेजी के साथ 20.04 डॉलर प्रति औंस हो गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा