1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. दानापुर और पुणे के बीच चलाई जाएगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस- चेक करें रूट, स्टॉपेज और समय

दानापुर और पुणे के बीच चलाई जाएगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस- चेक करें रूट, स्टॉपेज और समय

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 16, 2026 09:39 pm IST,  Updated : Jun 16, 2026 09:39 pm IST

दानापुर-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के लिए सीधी और किफायती कनेक्टिविटी मिलेगी।

Amrit Bharat Express, danapur-pune Amrit Bharat Express, ashwini vaishnaw, indian railways, pune-dan- India TV Hindi
अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन Image Source : ASHWINI VAISHNAW

बिहार को एक और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिलने जा रही है। केंद्रीय रेल मंत्री बुधवार, 17 जून को इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये नई ट्रेन बिहार के दानापुर से महाराष्ट्र के पुणे के बीच चलाई जाएगी। ये ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के प्रमुख जगहों से होकर गुजरेगी। मध्य रेलवे ने दानापुर और पुणे के बीच चलाई जाने वाली इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी साझा की है।

पुणे और दानापुर से कब प्रस्थान करेगी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन

पुणे से दानापुर के लिए चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 11431, पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को दोपहर 15:30 बजे पुणे से प्रस्थान करेगी और सोमवार को रात 01:30 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में, दानापुर से पुणे के लिए चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 11432, दानापुर-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन प्रत्येक सोमवार को आधी रात 03.30 बजे दानापुर से प्रस्थान करेगी और मंगलवार को 11.05 बजे पुणे पहुंचेगी।

किन-किन रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी दानापुर-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस 

दानापुर और पुणे के बीच चलाई जाने वाली ये अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, कोपरगांव, बेलापुर, अहिल्यानगर और दौंड कॉर्ड लाइन रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी। इस ट्रेन में कुल 18 एलएचबी अमृत भारत कोच होंगे।

दानापुर-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस से किन लोगों को मिलेगा फायदा

दानापुर-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के लिए सीधी और किफायती कनेक्टिविटी मिलेगी। इस ट्रेन से प्रवासी मजदूरों, नौकरी की तलाश में पुणे-मुंबई जाने वाले लोगों और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। 

ये ट्रेन पुणे के स्पेशलिटी अस्पतालों और पटना के मेडिकल सेंटरों में जाने वाले मरीजों की भी मदद करेगी। इसके अलावा, छोटे व्यापारियों को भी इस ट्रेन से काफी लाभ मिलेगा। इतना ही नहीं, दीपावली, छठ पूजा और होली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान लोगों को अपने घर जाने और फिर वापस काम पर लौटने में भी सुविधा मिलेगी।

ट्रेन में यात्रियों को कौन-कौन सी मिलेंगी सुविधाएं

बताते चलें कि अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन एक आधुनिक और किफायती लंबी दूरी की ट्रेन है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करना है। इस ट्रेन में 'कवच' सिस्टम लगा है, जो यात्रियों को बेहतर सुरक्षा प्रदान करती है। इसके अलावा, इसमें एलईडी लाइटिंग, आरामदायक सीटें और बर्थ, हर सीट पर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, सीसीटीवी कैमरा जैसी सुविधाएं हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा