SBI FD Schemes: शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड के बढ़ते चलन के बावजूद आज भी भारत में एक बड़ा वर्ग अपनी बचत को फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में ही सुरक्षित मानता है। खासकर सरकारी बैंकों की एफडी को लोग ज्यादा भरोसेमंद मानते हैं। देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) अपने ग्राहकों को अलग-अलग अवधि की एफडी पर आकर्षक ब्याज दरें दे रहा है। एसबीआई फिलहाल 3.05% से लेकर 7.15% तक का ब्याज एफडी स्कीम्स पर ऑफर कर रहा है, जो अवधि और ग्राहक वर्ग के अनुसार अलग-अलग होता है। आज हम जानेंगे कि अगर कोई व्यक्ति एसबीआई में 6 महीने के लिए 2,00,000 रुपये की एफडी करवाता है, तो उसे मैच्योरिटी पर कितना पैसा मिलेगा?
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) अपने ग्राहकों को फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में कई तरह की सुविधाएं देता है। आप इस बैंक में सिर्फ 7 दिन के लिए भी एफडी खोल सकते हैं, और चाहें तो 10 साल तक की लंबी अवधि के लिए भी पैसा निवेश कर सकते हैं। एसबीआई में अभी 444 दिनों की खास स्कीम 'अमृत वृष्टि' में सामान्य ग्राहकों (60 साल से कम उम्र वालों) को सबसे ज्यादा 6.45% तक का ब्याज मिल रहा है। यह फिलहाल बैंक की सबसे अट्रैक्टिव एफडी स्कीम्स में से एक है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों यानी 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को एफडी पर और ज्यादा ब्याज मिलता है। उन्हें 5 साल से 10 साल तक की अवधि वाली एफडी पर अधिकतम 7.05% तक का ब्याज दिया जा रहा है। इसके अलावा, अति वरिष्ठ नागरिकों (80 साल या उससे अधिक उम्र) को सबसे ज्यादा फायदा मिलता है। उन्हें इसी अवधि की एफडी पर 7.15% तक का बंपर ब्याज मिल रहा है। इस तरह, एसबीआई में उम्र और अवधि के हिसाब से अलग-अलग ब्याज दरें मिलती हैं, जिसमें लंबी अवधि की एफडी और वरिष्ठ नागरिकों को सबसे ज्यादा फायदा दिया जाता है।
6 महीने की FD में 2,00,000 रुपये जमा करें तो कितना मिलेगा ब्याज
भारतीय स्टेट बैंक में 6 महीने (180 दिन) की एफडी स्कीम में 2 लाख रुपये जमा करें तो सामान्य नागरिकों को मैच्यॉरिटी पर 5650 रुपये के फिक्स ब्याज समेत कुल 2,05,650 रुपये मिलेंगे। इसी तरह, वरिष्ठ नागरिकों को मैच्यॉरिटी पर 6150 रुपये के फिक्स ब्याज समेत कुल 2,06,150 रुपये मिलेंगे। जबकि, अति वरिष्ठ नागरिकों को 6 महीने की एफडी स्कीम में 2 लाख रुपये जमा करने पर 6250 रुपये के फिक्स ब्याज समेत कुल 2,06,250 रुपये मिलेंगे।