1. Hindi News
  2. पैसा
  3. टैक्स
  4. Petrol-Diesel Price: 100 रुपए से ज्यादा के पेट्रोल-डीजल पर कितना टैक्स देते हैं आप? इन राज्यों का आंकड़ा कर देगा हैरान

Petrol-Diesel Price: 100 रुपए से ज्यादा के पेट्रोल-डीजल पर कितना टैक्स देते हैं आप? इन राज्यों का आंकड़ा कर देगा हैरान

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 09, 2022 10:32 am IST,  Updated : Apr 09, 2022 10:32 am IST

मध्य प्रदेश और केरल में 100 रुपए पर करीब 61 रुपए, राजस्थान में 60 रुपए, छत्तीसगढ़-कर्नाटक में 55 रुपए और पश्चिम बंगाल में 54 रुपए टैक्स के देने पड़ते हैं।

Petrol-Diesel Price- India TV Hindi
Petrol-Diesel Price Image Source : PTI

Highlights

  • 100 रुपए के पेट्रोल पर महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में 65 रुपए टैक्स
  • मध्य प्रदेश और केरल में 100 रुपए पर करीब 61 रुपए टैक्स
  • पंजाब में 100 रुपए पर करीब 53 रुपए, बिहार-झारखंड में 52 रुपए टैक्स

नई दिल्ली:  पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बीते कई दिनों से जारी बढ़ोतरी से अब कुछ राहत मिली है। आज यानी 9 अप्रैल को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि 22 मार्च से लेकर अब तक हुई बढ़ोतरी से ईंधन 10 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो गया है।  

बता दें कि बीते 3 दिनों से ईंधन की कीमतें तो स्थिर हैं लेकिन स्थानीय टैक्स की वजह से अलग-अलग राज्यों में अलग रेट्स पर पेट्रोल-डीजल बेचा जा रहा है। आप ये जानकर हैरान हो जाएंगे कि 100 रुपए के पेट्रोल पर महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में 65 रुपए टैक्स देना पड़ता है। बाकी के राज्यों से भी जो आंकड़ा सामने आया है, वो चौंकाने वाला है। 

मध्य प्रदेश और केरल में 100 रुपए पर करीब 61 रुपए, राजस्थान में 60 रुपए, छत्तीसगढ़-कर्नाटक में 55 रुपए और पश्चिम बंगाल में 54 रुपए टैक्स के देने पड़ते हैं।

इसी तरह पंजाब में 100 रुपए पर करीब 53 रुपए, बिहार-झारखंड में 52 रुपए, जम्मू कश्मीर में 50 रुपए, यूपी में 48 रुपए और गुजरात में 46 रुपए टैक्स के देने पड़ते हैं। इसमें केंद्र और राज्य सरकार दोनों के टैक्स शामिल हैं।

IOCL के मुताबिक, दिल्ली में 9 अप्रैल को पेट्रोल 105.41 रुपए प्रति लीटर और डीजल 96.67 रुपए प्रति लीटर है। वहीं मध्य प्रदेश के इंदौर में पेट्रोल 118.26 रुपए प्रति लीटर और डीजल 101.29 रुपए प्रति लीटर तक बिक रहा है। बालाघाट में तो पेट्रोल 120.48 रुपए और डीजल 103.32 रुपए प्रति लीटर है। तेल कंपनियों ने बीते 19 दिनों में 14 बार ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। 

बता दें कि चालू वित्त वर्ष (2021-22) के पहले नौ महीनों (अप्रैल-दिसंबर) में पेट्रोलियम उत्पादों पर लगने वाले टैक्स से केंद्र सरकार की कमाई लगभग 24 प्रतिशत बढ़कर 3,31,621.07 करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। 

पेट्रोल-डीजल पर लगातार टैक्स बढ़ रहा है। 2014 में केंद्र सरकार पेट्रोल पर 9.48 रुपए/लीटर एक्साइज ड्यूटी लेती थी, जो नवंबर 2021 में बढ़कर 32.90 रुपए हो गया, फिलहाल ये 27.90 रुपए/लीटर है। 

वहीं 2014 में डीजल पर केंद्र सरकार 3.56 रुपए/लीटर एक्साइज ड्यूटी लगाती थी, जो नवंबर 2021 में बढ़कर 31.80 रुपए हो गया था और फिलहाल 21.80 रुपए है। फरवरी 2020 से मई 2020 तक ही केंद्र ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में क्रमश: 13 रुपए/लीटर और 16 रुपए/लीटर तक की बढ़ोतरी की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Tax से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा