पंजाब में अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं। ऐसे में राजनीतिक गतिविधियां राज्य में तेज हो गई हैं। कांग्रेस की पंजाब इकाई की अनुशासनात्मक समिति ने पार्टी के सीनियर नेताओं के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में घनौर के पूर्व विधायक मदन लाल जलालपुर को सोमवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया। यह कदम कांग्रेस नेतृत्व की उस कोशिश के बीच उठाया गया है। इसके तहत वह पार्टी की प्रदेश इकाई में असंतोष को काबू करने की कोशिश कर रही है।
सीनियर नेताओं के खिलाफ की आपत्तिजनक टिप्पणी
पंजाब कांग्रेस की अनुशासनात्मक समिति के अध्यक्ष अवतार हेनरी ने नोटिस में कहा कि समिति को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जरिए एक शिकायत मिली है। इसमें आरोप लगाया गया है कि जलालपुर ने मीडिया से बातचीत के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के.सी. वेणुगोपाल और भूपेश बघेल के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भावनाएं हुईं आहत
नोटिस के अनुसार, शिकायत के साथ बातचीत की वीडियो रिकॉर्डिंग भी संलग्न की गई थी। समिति ने कहा कि टिप्पणियों से कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुईं और यह अनुशासनहीनता के दायरे में आता है।
3 दिन के अंदर देना होगा जवाब
जलालपुर को तीन दिनों के भीतर अपना जवाब सौंपने का निर्देश दिया गया है। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही गई है। जलालपुर से उनकी प्रतिक्रिया जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद था।
गुटबाजी सुलझाने पहुंचे भूपेश बघेल
यह नोटिस ऐसे समय में जारी किया गया है, जब कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल पार्टी की प्रदेश इकाई में गुटबाजी और संगठनात्मक मुद्दों को सुलझाने के लिए चंडीगढ़ में हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा बघेल से मिले बिना ही दिल्ली रवाना हो गए।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चन्नी का समर्थन
कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष पद के लिए लोकसभा सदस्य चरणजीत सिंह चन्नी के नाम पर पुनर्विचार किए जाने की कई पूर्व और मौजूदा विधायकों की बढ़ती मांग के बीच पार्टी के कई सीनियर नेताओं ने सोमवार को मोहाली में बैठक की, जिसे प्रदेश इकाई में बढ़ती गुटबाजी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें:
''अब जो होना है, वो होकर रहेगा'', पंजाब कांग्रेस में साइडलाइन से खफा मनीष तिवारी; एक्स पर छलका दर्द