1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. 'नए प्रदेश चीफ को मैं सबसे पहले सैल्यूट करूंगा', पंजाब कांग्रेस में बगावत के सवाल पर बोले अमरिंदर सिंह राजा वडिंग

'नए प्रदेश चीफ को मैं सबसे पहले सैल्यूट करूंगा', पंजाब कांग्रेस में बगावत के सवाल पर बोले अमरिंदर सिंह राजा वडिंग

 Published : Jul 04, 2026 05:07 pm IST,  Updated : Jul 04, 2026 05:07 pm IST

अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि उनका उद्देश्य पंजाब में कांग्रेस की सरकार लाना है। वहीं, बगावत के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब चन्नी और वह एक ही बात कह रहे हैं तो बगावत कैसे हो गई।

Amarinder Singh Raja Warring- India TV Hindi
अमरिंदर सिंह राजा वडिंग Image Source : PTI

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी में उथल-पुथल शुरू हो चुकी है। पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने बगावत के संकेत दिए हैं। वहीं, नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग का कहना है कि अगर पार्टी किसी अन्य व्यक्ति को यह जिम्मेदारी देती है तो वह उसे सैल्यूट करने वाले पहले व्यक्ति होंगे। हालांकि, उन्होंने खुद को सीएम की रेस से बाहर कर दिया और साफ किया कि पार्टी जिसे सीएम पद का उम्मीदवार बनाएगी, वह उसका साथ देंगे।

चंडीगढ़ में पत्रकारों से बात करते हुए सीएम फेस पर पंजाब प्रदेश कांग्रेस चीफ अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा, "यह तय करना मेरा काम नहीं है कि सीएम कौन बनेगा या पार्टी का चेहरा किसे बनाया जाएगा। अगर हाईकमान चरणजीत सिंह चन्नी साहब को चीफ मिनिस्टर बनाने का फैसला करता है, तो मुझे क्यों एतराज होगा? मुझे बिल्कुल भी एतराज नहीं है। मैं खुद किसी लीडरशिप रेस में नहीं हूं। मेरी बस यही रेस है कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बने।"

पार्टी चीफ के विषय पर क्या बोले?

अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने पार्टी चीफ के विषय पर कहा कि लोग समझें या नहीं पर अंत में यह कांग्रेस प्रेसिडेंट मल्लिकार्जुन खड़गे साहब और राहुल गांधी जी का फैसला है। उन्होंने कहा, "अगर वे किसी और को प्रेसिडेंट बनाते हैं, तो मैं सबसे पहले उन्हें सैल्यूट करूंगा। मैं हमेशा के लिए इस प्रेसिडेंट की कुर्सी से बंधा नहीं हूं। हर कोई आखिर में 'एक्स-प्रेसिडेंट' बन जाता है। इसलिए, अगला चीफ जो भी हो, मैं उन्हें सैल्यूट करूंगा। मेरी किसी से कोई लड़ाई नहीं है।"

बगावत की बात को नकारा

राजा वारिंग ने कांग्रेस पार्टी में अंदरूनी बगावत के आरोपों पर कहा, "मुझे तो कोई बगावत नहीं दिख रही। चन्नी साहब (चरणजीत सिंह चन्नी) हमारे आदरणीय पूर्व मुख्यमंत्री हैं और उन्हें अभी-अभी हमारी कैंपेन कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। कुछ लोग उनसे मिलने गए, तो कुछ उन्हें बधाई देने गए। किसी ने किसी को आने-जाने से नहीं रोका। तो यह बगावत कैसे हुई? बगावत तब होती जब चन्नी साहब कुछ और कहते और राजा वारिंग कुछ और। चन्नी साहब हमारे आदरणीय नेता, हमारे सीनियर, हमारे भाई और कैंपेन कमेटी के चेयरमैन हैं। 'बगावत' और 'हाईकमान को चुनौती' की यह कहानी पूरी तरह से विरोधी पार्टियों ने गढ़ी है।"

यह भी पढ़ें-

पंजाब कांग्रेस में बगावत की आहट, चरणजीत सिंह चन्नी ने ही खोला मोर्चा, कई नेता दे सकते हैं इस्तीफा?

पंजाब चुनाव से पहले संगठनात्मक फेरबदल से पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी नाराज, शुक्रवार को बुलाई समर्थकों की बैठक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।