चंडीगढ़: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस ने पंजाब में कई नियुक्तियां की हैं। कांग्रेस ने पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को कैंपेन कमेटी का प्रमुख बनाया है।
विजय इंद्र सिंगला को इलेक्शन मैनेजमेंट और कॉर्डिनेशन कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। वहीं सुखजिंदर सिंह रंधावा को कोर कमेटी और डॉ अमर सिंह को कांग्रेस ने पंजाब मैनिफेस्टो कमेटी का चेयरमैन बनाया है।
पंजाब में कब हैं विधानसभा चुनाव?
पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए अभी तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है लेकिन ये तय है कि अब चुनाव में बहुत ज्यादा समय बाकी नहीं है। वर्तमान में आम आदमी पार्टी के भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री हैं। ऐसे में कांग्रेस और बीजेपी ने अभी से पंजाब चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
एक तरफ पश्चिम बंगाल की जीत से उत्साहित बीजेपी है, जो हर हालत में पंजाब जीतने की कोशिश में है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस है, जो सत्ता को वापस पाकर अपनी पार्टी की मजबूती को फिर से स्थापित करने की कोशिश में है। वहीं आम आदमी पार्टी दिल्ली हारने के बाद पंजाब हारने का जोखिम नहीं उठाना चाहती तो वह भी पूरे जोश के साथ मैदान में है।
दरअसल माना ये जा रहा है कि बीजेपी पंजाब में अपने लिए स्पेस तलाशने में इसलिए जुटी है क्योंकि यहां कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के झगड़े में बीजेपी को फायदा मिल सकता है। यही कारण है कि बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
नितिन नवीन ने हालही में पंजाब के अमृतसर में हरमंदिर साहिब, दुर्गाना मंदिर और राम तीर्थ मंदिर में मत्था टेका था। वह जलियांवाला बाग भी गए थे और पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भी भरा था। ऐसे में ये बात तो तय है कि इस बार पंजाब में दिलचस्प मुकाबला होने वाला है।
अब देखने वाली बात ये होगी कि पंजाब का दंगल कौन जीतता है। हर पार्टी अपने स्तर पर मतदाताओं को लुभाने की कोशिश करेगी। वर्तमान सीएम भगवंत मान भी अपने विकास की कहानी सुनाकर जनता को लुभाएंगे लेकिन अब ये जनता के हाथ में होगा कि वह किसे अपना नेतृत्व देती है।
ये भी पढ़ें-
अकाल तख्त के सामने पेश हुए पंजाब के सभी सिख मंत्री, बेअदबी रोकथाम कानून पर दिया स्पष्टीकरण