1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. CM आवास की ओर बढ़े अमृतपाल के समर्थक, चंडीगढ़ में भारी सुरक्षा, वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले भी तैनात

CM आवास की ओर बढ़े अमृतपाल के समर्थक, चंडीगढ़ में भारी सुरक्षा, वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले भी तैनात

 Reported By: Puneet Pareenja Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jul 29, 2026 03:54 pm IST,  Updated : Jul 29, 2026 04:34 pm IST

खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह की पार्टी के लोग बड़ी संख्या में चंडीगढ़ पहुंचे हैं। ये सभी समर्थक बैरिकेडिंग तोड़कर सभी चंडीगढ़ में घुस गए। इसको देखते हुए पंजाब सीएम हाउस के बाहर भारी संख्या में पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है।

सीएम भगवंत मान- India TV Hindi
सीएम भगवंत मान Image Source : PTI

खालिस्तानी समर्थक और सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी के आह्वान पर आज बड़ी संख्या में समर्थक पंजाब के मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करने के लिए चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया है और मुख्यमंत्री आवास के आसपास अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

सीएम आवास के पास BNS की धारा 163 लागू 

जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-45 चौक पर भारी बैरिकेडिंग की गई है। पूरे क्षेत्र को कंटीली तारों से घेर दिया गया है और बैरिकेड्स पर BNS की धारा 163 लागू होने संबंधी बैनर लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत चंडीगढ़ पुलिस के साथ पैरामिलिट्री बलों की भी तैनाती की गई है।

2 से 3 हजार समर्थक चंडीगढ़ पहुंचे

बताया जा रहा है कि प्रदर्शन में शामिल होने के लिए करीब 2 से 3 हजार समर्थक चंडीगढ़ पहुंचे। इनमें से कई प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर शहर में दाखिल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा और कड़ी कर दी। पंजाब मुख्यमंत्री आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री जवानों को तैनात किया गया है।

वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले भी तैयार रखे गए

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले भी तैयार रखे हैं। जिस स्थान पर बैरिकेडिंग की गई है, वहां से पंजाब के मुख्यमंत्री का आवास लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं, क्योंकि चंडीगढ़ में प्रवेश कर चुके सिख संगठनों के प्रदर्शनकारी किसी भी समय मुख्यमंत्री आवास के निकट लगाए गए बैरिकेड्स तक पहुंच सकते हैं फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

कौन है अमृतपाल सिंह?

अमृतपाल सिंह पंजाब के खडूर साहिब (पंजाब) से लोकसभा सांसद हैं। वह स्वयं को सिख धर्म प्रचारक बताते हैं, जबकि भारत सरकार की एजेंसियां उन्हें अलगाववादी (खालिस्तान समर्थक) विचारों से जुड़ा मानती हैं। उनके समर्थक उन्हें सिख अधिकारों की आवाज बताते हैं, जबकि आलोचकों का आरोप है कि उनकी गतिविधियां उग्र अलगाववाद को बढ़ावा देती हैं। अमृतपाल सिंह वर्तमान में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। 

ये भी पढ़ें:

रवनीत सिंह बिट्टू का ध्यान अब पंजाब चुनाव पर, लुधियाना से लड़ सकते हैं विधानसभा चुनाव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।