1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब: 50000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हांथ पंकड़े गए सरकारी बाबू, मौके से 13 लाख कैश बरामद, अब कोर्ट में होगी पेशी

पंजाब: 50000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हांथ पंकड़े गए सरकारी बाबू, मौके से 13 लाख कैश बरामद, अब कोर्ट में होगी पेशी

 Published : Nov 22, 2025 08:39 pm IST,  Updated : Nov 22, 2025 09:12 pm IST

घूस लेते हुए पकड़े गए अधिकारी के खिलाफ जांच बैठाई गई है। रविवार को आरोपी अधिकारी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। बटाला नगर निगम आयुक्त को रंगे हाथ घूस लेते हुए पकड़ने के लिए पहले से ही जाल बिछाया गया था।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

बटाला नगर निगम आयुक्त को पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने कथित तौर पर 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सब डिविजनल मजिस्ट्रेट का प्रभार संभाल रहे आरोपी अधिकारी के पास से 13.50 लाख रुपये की बेहिसाबी रकम भी बरामद की गई। 

10 प्रतिशत कमीशन की थी मांग

ब्यूरो के प्रवक्ता ने कहा कि शिकायतकर्ता बटाला का रहने वाला है और उसने नगर निगम के लिए सड़क मरम्मत का काम करवाया था, जिसके भुगतान के लिए 1,87,483 रुपये और 1,85,369 रुपये के दो बिल सौंपे थे। इस संबंध में उसने आयुक्त विक्रमजीत सिंह पांथे से मुलाकात की, जिन्होंने कथित तौर पर भुगतान करने के लिए 10 प्रतिशत कमीशन की मांग की। 

'लाइट एंड साउंड शो' सं संबंधित कराया गया था काम

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बटाला में 'लाइट एंड साउंड शो' से संबंधित कार्य के लिए 1,81,543 रुपये की राशि भी लंबित है। प्रवक्ता ने कहा कि कुल 5,54,395 रुपये का भुगतान बकाया है। शिकायतकर्ता ने सब-डिविजनल अधिकारी रोहित उप्पल से मुलाकात की, जिन्होंने कथित तौर पर उसे बताया कि नगर निगम आयुक्त के आदेशों का पालन करना होगा और बकाया राशि जारी करने के लिए उन्हें रिश्वत के रूप में कमीशन देना होगा। 

जाल बिछाया और सरकारी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ा

शिकायत मिलने और आरोपों की पुष्टि करने के बाद ब्यूरो ने जाल बिछाया और पांथे को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की रिश्वत ले रहे थे। अमृतसर में सतर्कता ब्यूरो थाने में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी अधिकारी को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस पूरे मामले की जांच जारी है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।