1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. बठिंडा: कनाडा में बैठे खालिस्तानियों ने दी हिंदू नेता की सुपारी, मिलते-जुलते चेहरे वाले दुकानदार पर गोलीबारी कर भागे हमलावर

बठिंडा: कनाडा में बैठे खालिस्तानियों ने दी हिंदू नेता की सुपारी, मिलते-जुलते चेहरे वाले दुकानदार पर गोलीबारी कर भागे हमलावर

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 21, 2025 01:19 pm IST,  Updated : Jun 21, 2025 01:20 pm IST

कनाडा में बैठे खालिस्तान समर्थकों ने हिंदू नेता की सुपारी दी थी, लेकिन हमलावरों ने मिलते-जुलते चेहरे वाले दुकानदार पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद उन्हें इसकी जानकारी मिली। हमलावरों ने पूछताछ में ये खुलासे किए हैं।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : INDIA TV

पंजाब के बठिंडा में एक दुकानदार पर अंधाधुंध गोलीबारी के मामले में हैरान करने वाला खुलासा हुआ है। हमलावरों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया है कि कनाडा में बैठे खालिस्तान समर्थकों ने उन्हें हिंदू नेता की सुपारी दी थी। नेता की पहचान के लिए उन्हें फोटो भी दी गई थी, लेकिन हमलावर सही व्यक्ति की पहचान करने में विफल रहे। ऐसे में उन्होंने चाय की टपरी पर खड़े एक दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दुकानदार की शक्ल उस हिंदू नेता से मिलती जुलती है, जिसकी सुपारी हमलावरों को दी गई थी।

हमलावरों ने यह भी बताया कि गोलीबारी की घटना के बाद उनके चौथे साथी ने फोन कर उन्हें बताया कि उन्होंने गलत व्यक्ति पर गोलीबारी कर दी है। हालांकि, घटना के कुछ दिन बाद ही पुलिस ने तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया। हिंदू नेता पूरी तरह सुरक्षित हैं और पुलिस पूरे मामले के खुलासे के लिए चौथे आरोपी की तलाश कर रही है।

16 जून को हुई थी गोलीबारी

बठिंडा में 16 जून (सोमवार) सुबह थर्मल कॉलोनी के गेट नंबर दो के पास एक चाय की टपरी पर गोलीबारी हुई थी। हमलावरों ने चाय पी रहे व्यक्ति ललित छाबड़ा पर गोलीबारी की थी। इस घटना में शामिल तीनों हमलावरों को पकड़ लिया गया है। हमलावरों ने पुलिस को बताया है कि उन्हें एक हिंदू नेता की सुपारी मिली थी, लेकिन गलतफहमी में वह ललित छाबड़ा पर गोलीबारी कर फरार हो गए।

बाइक पर आए थे हमलावर

तीनों हमलावर बाइक पर आए थे और उनके पास आधुनिक 30 बोर की पिस्टल थी। हमलावरों में दो डेरा बाबा नानक और एक मोगा का रहने वाला है। इन्हें चौथे साथी ने बताया कि जिस व्यक्ति की सुपारी मिली थी, उस पर हमला नहीं हुआ है। गोलीबारी में घायल हुए व्यक्ति की शक्ल हिंदू नेता से मिलती जरूर है, लेकिन वह कोई और है।

हिंदू नेता की सुरक्षा बढ़ाई

हमले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने हिंदू नेता की सुरक्षा बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि जिस हिंदू नेता की सुपारी दी गई थी। वह शिवसेना का हिस्सा हैं। वह सुरक्षित हैं और पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही उन्हें सतर्क रहने को कहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।