पंजाब में संगरूर बस स्टैंड के पास स्थित शिव भोले लॉटरी स्टॉल से 1 करोड़ रुपये की लॉटरी निकली है। खास बात यह है कि इनाम निकलने के तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन एक करोड़ रुपये की यह लॉटरी जीतने वाला खुशनसीब व्यक्ति अभी तक सामने नहीं आया है। संगरूर के बस स्टैंड के पास स्थित शिव भोले लॉटरी स्टॉल पर उस समय खुशी का माहौल बन गया, जब यहां से बिकी एक लॉटरी टिकट पर 1 करोड़ रुपये का इनाम निकलने की जानकारी सामने आई।
लॉटरी जीतने वाले शख्स की नहीं हो पाई पहचान
दुकानदार के मुताबिक, लॉटरी का रिजल्ट आए हुए अब तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक टिकट का असली मालिक अपना इनाम लेने के लिए सामने नहीं आया है। अब दुकानदार समेत आसपास के लोगों की नजरें भी उस खुशनसीब शख्स पर टिकी हुई हैं, जिसकी टिकट ने उसकी किस्मत बदल दी है।
दुकानदार की ओर से अपील की गई है कि जिन लोगों ने संगरूर बस स्टैंड के पास इस लॉटरी स्टॉल से टिकट खरीदी थी, वे अपनी टिकट जरूर चेक करें। हो सकता है कि 1 करोड़ रुपये की यह टिकट उन्हीं में से किसी के हाथ में हो। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर वह खुशनसीब व्यक्ति कौन है, जिसकी टिकट पर 1 करोड़ रुपये का इनाम निकला है? अब देखना होगा कि करोड़ों की यह लॉटरी जीतने वाला विजेता आखिर कब सामने आता है।
मजदूर ने जीते थे डेढ़ करोड़ रुपये
इससे पहले 2018 में संगरूर ज़िले के मांडवी गांव के रहने वाले मज़दूर मनोज कुमार, 'पंजाब स्टेट राखी बंपर 2018' में 1.5 करोड़ रुपये का पहला इनाम जीतकर लॉटरी से करोड़पति बने थे। उन्होंने 200 रुपये का लॉटरी टिकट खरीदने के लिए पैसे उधार लिए थे। मनोज कुमार ने लॉटरी विभाग के डायरेक्टर टीपीएस फूलका से मुलाक़ात की और अपना दावा पेश किया था। लॉटरी का ड्रॉ 29 अगस्त को लुधियाना में निकाला गया था और पता चला कि 1.5-1.5 करोड़ रुपये के पहले दो इनाम दो टिकट होल्डर्स को मिले थे, जिनमें मनोज भी शामिल थे। मजदूर ने कहा था कि इसके पैसे से उसकी गरीबी दूर हो जाएगी।
रिपोर्टः चरणजीव कौशल
ये भी पढ़ेंः पंजाब CM के OSD के घर रेड के दौरान CBI की गाड़ी पर फूल बरसाने के मामले में SHO यशपाल शर्मा सस्पेंड, 2 हिरासत में