1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. 'एंटी सिख सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक करें', सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने सूचना-प्रसारण मंत्री से की अपील

'एंटी सिख सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक करें', सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने सूचना-प्रसारण मंत्री से की अपील

 Published : Feb 20, 2024 11:39 am IST,  Updated : Feb 20, 2024 11:52 am IST

सोशल मीडिया के जरिए नफरत फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग करते हुए राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को एक चिट्ठी लिखी और ऐसे अकाउंट्स को ब्लॉक करने की अपील की है।

विक्रमजीत सिंह साहनी, राज्यसभा सांसद- India TV Hindi
विक्रमजीत सिंह साहनी, राज्यसभा सांसद Image Source : इंडिया टीवी

जालंधर: पंजाब से राज्यसभा के सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर से यह अपील की है कि सरकार उन सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक करे जो नफरत फैलाने वाले भाषणों के जरिए सांप्रदायिक कलह पैदा करते हैं, जो अपने हेट स्पीच के जरिए सिखों को निशाना बनाते हैं। साहनी ने सरकार से यह भी अपील की है कि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) नियम 2021 के तहत अपनी इमरजेंसी पावर का उपयोग करके इन सोशल मीडिया हैंडल के मालिकों पर भी मामला दर्ज किए जाएं। इस संबंध में विक्रमजीत सिंह साहनी ने सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को एक चिट्ठी भी लिखी है।

अपमानजनक टिप्पणी करनेवाले कड़ी कार्रवाई के पात्र

अनुराग ठाकुर को लिखी चिट्ठी में साहनी ने इन हेट मैसेजेस के स्क्रीनशॉट का एक डोजियर भी संलग्न किया जिनमें से कुछ में 1984 के सिख नरसंहार को दोहराने की धमकी दी गई है। साहनी ने लिखा है कि सभी धर्मों और समुदायों के शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के लिए इस तरह की चीजों को बंद करना चाहिए। साहनी का कहना है कि जो लोग किसी भी समुदाय के बारे में अपमानजनक टिप्पणी पोस्ट करते हैं, वे कड़ी कार्रवाई के पात्र हैं।

एक्स हैंडल के स्क्रीनशॉट पोस्ट किए 

विक्रमजीत सिंह साहनी और कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान इस मुद्दे को उठाया और सबूत के तौर पर सोशल मीडिया एक्स हैंडल के स्क्रीनशॉट पोस्ट किए। परगट सिंह ने किसान समर्थक सोशल मीडिया खातों को ब्लॉक करने लेकिन नफरत फैलाने वाले हैंडलों को नजरअंदाज करने के लिए पंजाब सरकार और पुलिस को भी कटघरे में खड़ा किया।

दोषियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हो-साहनी

राज्यसभा सदस्य विक्रमजीत सिंह साहनी ने आईटी नियम 2021 के तहत सिख समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाले भाषण देने वाले सोशल मीडिया खातों को तत्काल ब्लॉक करने की मांग की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का भी आह्वान किया और सांप्रदायिक तनाव को रोकने के लिए पहले से कदम उठाने पर जोर दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।