चंडीगढ़ः चंडीगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद कुख्यात बदमाश गोलू गोहाना को गिरफ्तार किया है। चंडीगढ़ पुलिस को सात मामलों में गोलू गोहाना की तलाश थी और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा, 307 और 302 सहित कई अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज थे। वह मध्य प्रदेश से हथियार लाकर चंडीगढ़ ट्राई-सिटी क्षेत्र में उनकी सप्लाई करता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
गोली लगने से बदमाश घायल
पुलिस ने बताया कि चंडीगढ़ के सेक्टर 25 के पास बुधवार को पुलिस से मुठभेड़ के बाद एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुकेश उर्फ गोलू गोहाना को गोली लग गई और उसे यहां सेक्टर-16 स्थित सरकारी मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चंडीगढ़ पुलिस के 'ऑपरेशन सेल' की एक टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर रैली ग्राउंड के पास गोलू को रोक लिया। पुलिस ने बताया कि गोलू ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लग गई। हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना निवासी गोलू कई आपराधिक मामलों में वांछित है।
रिवॉल्वर से गोली चलने से डीएसपी की मौत
वहीं, पंजाब के फगवाड़ा पुलिस 'क्वार्टर' में अपनी सर्विस रिवॉल्वर से दुर्घटनावश गोली चलने से डीएसपी की मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि डीएसपी योगेश कुमार शर्मा अपने सरकारी आवास पर अपनी रिवॉल्वर साफ कर रहे थे, तभी यह घटना घटी। डीएसपी को तुरंत फगवाड़ा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। योगेश शर्मा इससे पहले नशा रोधी कार्य बल में तैनात थे और हाल ही में उनका तबादला चंडीगढ़ हुआ था। फगवाड़ा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) माधवी शर्मा ने बताया कि गलती से चली गोली डीएसपी की छाती में लग गयी।