Mohali Municipal Corporation Election Results Live: मोहाली नगर निगम चुनाव के लिए डाले गए मतों की गिनती आज 8 बजे से जिले में बनाए गए 8 मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रही है। जिला प्रशासन और पुलिस ने मतगणना को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। जिला पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी जाए और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को मतगणना केंद्रों के आसपास आने की अनुमति न दी जाए। राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त किए जाने वाले मतगणना एजेंटों को पहचान पत्र के साथ संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं।
मतगणना से पहले सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी का कहना है कि मोहाली में उनका ही मेयर बनेगा और यहां उनके दल की जीत के बाद बड़े स्तर पर विकास कार्य देखने को मिलेंगे। वहीं कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी पर प्रशासनिक और पुलिस मशीनरी के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि मतदान के दौरान कई अनियमितताएं हुईं। उन्होंने मतदाताओं को डराने-धमकाने और फर्जी मतदान कराने की कोशिशों का भी आरोप लगाया।
शिरोमणि अकाली दल यानी कि SAD का कहना है कि जनता ने AAP सरकार के कामकाज को नकार दिया है और उनकी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ पुलिस अधिकारियों ने मतदाताओं को डराने और पार्टी समर्थकों के साथ दुर्व्यवहार करने का काम किया। वहीं, कांग्रेस ने मतदान की गोपनीयता भंग होने के आरोप लगाए लेकिन साथ ही नगर निगम में बहुमत मिलने का विश्वास जताया है। अब सभी प्रमुख दलों द्वारा जीत के दावे किए जाने के बीच अब सबकी नजरें मतगणना केंद्रों पर टिकी हैं, जहां आज उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो जाएगा। मोहाली नगर निगम की काउंटिंग से जुड़े हर बड़े अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें: