भारत के मोस्टवांटेड आतंकी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। हैप्पी पासिया की गिफ्तारी ISI समर्थित टेरर मोड्यूल के खिलाफ बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। इसे लेकर पंजाब DGP गौरव यादव सोशल मीडिया पर अपना बयान जारी किया है। पंजाब DGP ने गिरफ्तारी को लेकर अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर जानकारी देते हुए कहा कि पंजाब पुलिस लगातार आंतकी से जुड़े इंटेलिजेंस शेयर कर रही थी।
पंजाब DGP गौरव यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि ISI समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के USA-स्थित प्रमुख कार्यकर्ता और पाकिस्तान-स्थित आतंकवादी रिंदा के करीबी सहयोगी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया की गिरफ्तारी ISI समर्थित आतंकी नेटवर्क पर निरंतर कार्रवाई में एक प्रमुख मील का पत्थर है। आगे लिखा कि साल 2023-2025 के बीच, हैप्पी पासिया ने पंजाब और अन्य राज्यों में कई हत्याओं, पुलिस थाने व चौकियों पर ग्रेनेड हमलों और जबरन वसूली में मुख्य भूमिका निभाई है।
बीते दिन 17 अप्रैल, 2025 को एफबीआई और आईसीई ने मिलकर अमेरिका के सैक्रामेंटो में उसे गिरफ्तार किया, जो संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच बेहतरीन सहयोग और सूचनाओं के आदान-प्रदान का परिणाम है। इस सिलसिले में पंजाब पुलिस ने भी लगातार केंद्रीय एजेंसियों के साथ खुफिया जानकारी साझा की।
आगे उन्होंने लिखा कि हमारा (पंजाब पुलिस) संकल्प दृढ़ है कि पंजाब के हर एक नागरिक की रक्षा करें, आतंकी इकोसिस्टम को खत्म करें। साथ ही राज्य में सीमा पार के खतरों का सामना करते हुए शांति बनाए रखें।
गौरतलब है कि गैंगस्टर व आतंकी हैप्पी पासिया मैट्रिक यानी कक्षा 10वीं पास है। उसका असली नाम हरप्रीत सिंह है, लेकिन लोग उसे जोरा के नाम से भी पुकारते हैं। जनवरी में NIA ने आंतकी पासिया पर 5 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था। हैप्पी ने पंजाब में कई वारदात को अंजाम दिया और फिर कनाडा भाग गया था। इसके बाद वह कनाडा से अमेरिका पहुंच गया और वहीं से अपना गैंग चला रहा था।
जानकारी के मुताबिक पासिया ने 14 से अधिक आंतकी हमले को अंजाम दिया था। हैप्पी पासिया ने जालंधर में बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड अटैक करवाया था। साथ ही अमृतसर में गुमटाला पुलिस चौकी के करीबन सीनियर पुलिस अधिकारी की गाड़ी पर अटैक कराया था। इसके अलावा उसने कई अन्य आतंकी घटनाओं को अपने गुर्गों से अंजाम दिलवाया था।
ये भी पढ़ें:
जीरकपुर में दिनदहाड़े लूट, बंदूक दिखाकर लूट लिए पैसे और गहने, घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड
संपादक की पसंद