1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब सरकार ने 50 हजार युवाओं को दी सरकारी नौकरी, भगवंत मान ने इन नेताओं पर साधा निशाना

पंजाब सरकार ने 50 हजार युवाओं को दी सरकारी नौकरी, भगवंत मान ने इन नेताओं पर साधा निशाना

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Dec 03, 2024 04:37 pm IST,  Updated : Dec 03, 2024 04:37 pm IST

भगवंत मान ने आज कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुखबीर बादल और पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने 50 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं।

Punjab government gave government jobs to 50 thousand youth Bhagwant Mann targeted these leaders- India TV Hindi
भगवंत मान Image Source : INDIA TV

मिशन रोजगार जारी रखते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को घोषणा की कि अब तक लगभग 50,000 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। इसके साथ ही, युवाओं को और अधिक सरकारी नौकरियां देने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य प्रमुख विभागों में जल्द ही भर्ती अभियान शुरू किया जाएगा। यहां नौजवानों को नियुक्ति पत्र सौंपने के अवसर एकत्रीकरण को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को जीवन में सफलता के अधिकतम अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और अब तक 50,000 के करीब सरकारी नौकरियां दी जा चुकी है। 

भगवंत मान बोले- युवा न अपनाएं शॉर्टकट

उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं के लिए नए रास्ते खोले जाएंगे, ताकि वे राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदार बन सकें। भगवंत सिंह मान ने कहा कि युवाओं को नई नौकरियां प्रदान करने के साथ-साथ, उन युवाओं के लिए भी समाधान खोजा जा रहा है, जो संघर्ष करते हुए उम्र की सीमा पार कर चुके हैं। उन्होंने युवाओं को आह्वान किया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है और जीत की कुंजी केवल कड़ी मेहनत है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे कठिन परिश्रम करें और अपने जीवन में अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने का प्रयास करें।

भगवंत मान ने कहा- 50 हजार लोगों को दी सरकारी नौकरी

भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार इस नेक कार्य में युवाओं को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने युवाओं की भलाई सुनिश्चित करने और रोजगार के नए अवसर खोलने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। भगवंत मान ने कहा कि गर्व की बात है कि अब तक लगभग 50,000 युवा योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियों के लिए चुने गए हैं। उन्होंने कहा कि अब यह नौजवान सरकार का अभिन्न अंग बन गए हैं और अब इनको मिशनरी भावना के साथ लोगों की सेवा करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने युवाओं को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए पैराशूट की बजाए जमीन से जुड़ कर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो लोग जमीन से जुड़कर मेहनत करते हैं, वे दुनिया को जीत लेते हैं। उन्होंने कहा कि मेहनती व्यक्तियों के लिए केवल आकाश ही सीमा है।

भगवंत मान बोले- एक भी नौकरी को नहीं मिली चुनौती

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विभागों में खाली पदों को तुरंत भरने की प्रक्रिया अपनाती है। उन्होंने बताया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से की गई है, जिससे इन लगभग 50,000 नौकरियों में से किसी एक नियुक्ति को भी अब तक किसी अदालत में चुनौती नहीं दी गई है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह पंजाब सरकार के लिए गर्व की बात है कि इन युवाओं को पूरी योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब ये युवा सरकार का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं और इन्हें समर्पित भावनाओं के साथ जनता की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए नियुक्त कर्मचारी अपनी कलम का उपयोग समाज के जरूरतमंद और पिछड़े वर्गों की मदद के लिए करेंगे। उन्होंने कहा कि नव-नियुक्त युवाओं को अधिक से अधिक लोगों के कल्याण को सुनिश्चित करना चाहिए ताकि समाज के हर वर्ग को इसका लाभ मिल सके।

पीएम मोदी, कैप्टन अमरिंदर सिंह पर साधा निशाना

इस दौरान भगवंत मान ने तंज कसते हुए कहा कि सुखबीर सिंह बादल पंजाब का एक कॉन्वेंट स्कूलों में पढ़ा हुआ राजनीतिक नेता है, जिसे राज्य की भौगोलिक स्थिति का ज्ञान नहीं है, लेकिन सत्ता हासिल करना चाहता है। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके परिवार का रिकॉर्ड हमेशा पंजाब के हितों को नजरअंदाज करने के कारण संदिग्ध रहा है। कैप्टन का परिवार हमेशा राज्य-विरोधी ताकतों, चाहे वह मुगल हों, अंग्रेज हों या अब भाजपा हो,  इन दुश्मन ताकतों के साथ खड़ा होकर पंजाब को धोखा दे रहा है। इसी तरह भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुमलों के विशेषज्ञ हैं, जो किसी भी घटना या स्थान से खुद को जोड़ सकते हैं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।