पंजाब के जालंधर जिले में बीते दिनों सीमा सुरक्षा बल (BSF) के कैंप के बाहर धमाके की घटना सामने आई थी। जानकारी के अनुसार, इस धमाके के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, धमाका करने वाला आरोपी पंजाब का रहने वाला है। अब आरोपी को विस्फोटक देने वाले आरोपी की तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम का आका पंजाब में बैठा आतंकी शहजाद भट्टी है।
ब्लास्ट का तरीका खतरनाक
जालंधर ब्लास्ट के मामले में जो सबसे हैरान कर देने वाली जानकारी सामने आई है वह है धमाका करने का तरीका। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने IED में अपना सिम कार्ड लगाया हुआ था। आरोपी ने उसी नंबर पर कॉल किया जिस से IED ब्लास्ट हुआ था। सूत्रों के मुताबिक IED में इस्तेमाल विस्फोटक आरोपी ने बॉर्डर एरिया में मौजूद किसी शख्स से लिया था।
कब हुआ था धमाका?
आपको बता दें कि बीते 5 मई को पंजाब के जालंधर जिले में बीएसएफ के पंजाब फ्रंटियर के मुख्यालय के बाहर स्कूटर में धमाका हुआ था। ये घटना रात को करीब 8 बजे सामने आई थी। इस घटना में किसी की जान नहीं गई थी। बता दें कि बीएसएफ का मुख्यालय जालंधर शहर को अमृतसर-दिल्ली राजमार्ग से जोड़ने वाली सड़क पर स्थित है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया था और मामले में जांच शुरू कर दी थी।
इलाके में फैल गई थी दहशत
बीएसएफ के पंजाब फ्रंटियर के मुख्यालय के बाहर हुए धमाके से इलाके में दहशत फैल गई थी। इस धमाके का एक वीडियो भी सामने आया था जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति को जान बचाने के लिए भागते हुए देखा गया था। धमाके के कारण एक स्कूटर और एक 'ट्रैफिक सिग्नल' का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया था और दुकान के शीशे भी टूट गए थे। पुलिस के अनुसार, घटना से संबंधित स्कूटर गुरप्रीत सिंह का था, जो कि नियमित रूप से इलाके में पार्सल पहुंचाता है। पुलिस ने बताया था कि युवक जांच में सहयोग कर रहा है।
ये भी पढ़ें- VIDEO: जालंधर में BSF हेडक्वार्टर और अमृतसर में आर्मी कैंप के बाहर धमाका, मचा हड़कंप
VIDEO: जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के बाहर स्कूटर में बड़ा धमाका, मचा हड़कंप, जांच में लगी पुलिस