1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. Video: अपने पैरों पर नहीं चल पाए फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी, हाफ एनकाउंटर के बाद जमीन पर रेंगते नजर आए

Video: अपने पैरों पर नहीं चल पाए फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी, हाफ एनकाउंटर के बाद जमीन पर रेंगते नजर आए

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Nov 29, 2025 10:10 pm IST,  Updated : Nov 29, 2025 10:33 pm IST

झुंझुनूं में पुलिस ने फायरिंग करने वाले दो बदमाशों का हाफ एनकाउंटर किया है। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
पुलिस हिरासत में आरोपी Image Source : REPORTER

 झुंझुनूं जिले के पिलानी थाना क्षेत्र के लिखवा गांव में शराब ठेके पर की गई फायरिंग से फैली दहशत का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। शनिवार देर शाम झुंझुनूं एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने पिलानी थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी अक्षय पंडित उर्फ माकड़ और सचिन मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

 
आतंक फैलाने और रंगदारी वसूलने के लिए की थी फायरिंग

एसपी ने बताया कि आरोपी क्षेत्र में दहशत फैलाकर ठेकों से रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे थे। इसी मकसद से उन्होंने लिखवा गांव में शराब ठेके पर एक लाख रुपए मंथली की पर्ची फेंककर 5–6 राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई थी।
 
500 CCTV फुटेज और 750 किलोमीटर पीछा किया

पुलिस टीमों ने आरोपियों का पता लगाने के लिए 500 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और लगभग 750 किमी तक पीछा करते हुए दोनों को दबोच लिया। मुख्य आरोपी अक्षय पंडित उर्फ माकड़, निवासी फरमाणा खास (हरियाणा), घटना के बाद बुवानी खेड़ा में अपनी मौसी के बेटे के खेत में बने मकान में छिपा हुआ था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर उसे वहीं से गिरफ्तार किया। दूसरा आरोपी सचिन मेघवाल, निवासी लिखवा, को पुलिस ने पिलानी क्षेत्र की पहाड़ियों के पास से पकड़ा।
 
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी भारी

गिरफ्तार आरोपी अक्षय पंडित के खिलाफ हरियाणा में आर्म्स एक्ट सहित चार मामले दर्ज हैं। वह हरियाणा के थाना महम में दर्ज शराब ठेके पर फायरिंग मामले में भी फरार चल रहा था और पिलानी क्षेत्र में फरारी काट रहा था। वहीं सचिन मेघवाल के खिलाफ भी दो मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।


 
पहले ही दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

इस प्रकरण में दो अन्य आरोपी घटना के बाद ही पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया है।

रिपोर्ट-अमित शर्मा, झुंझुनूं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।