राजस्थान के अजमेर जिले में एक गांव से लापता हुए दो लोगों के शव सोमवार को एक कुएं से बरामद किए गए। पुलिस को आशंका है कि दोनों की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिए गए। पुलिस के अनुसार, यह घटना जिले के भिनाय क्षेत्र के जैतपुरा गांव की है।
दुर्गंध आने से हुआ संदेह
स्थानीय लोगों को इलाके में दुर्गंध आने पर संदेह हुआ था। इसके बाद उन्होंने आसपास खोजबीन शुरू की। तलाशी के दौरान कुएं से 26 वर्षीय सुरेंद्र और 16 वर्षीय विष्णु के शव बरामद किए गए। इसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
गुमशुदगी की दर्ज कराई गई थी रिपोर्ट
पुलिस ने कहा कि दोनों 20 मार्च की शाम मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। इसके बाद से वे लापता थे। अगले दिन उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला मारपीट के बाद हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का प्रतीत होता है।
FSL की टीम भी मौके पर पहुंची
मामले की जांच के लिए अजमेर से फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
ये भी पढ़ें: