राजस्थान के बीकानेर जिले में रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर झगड़ रहे एक दंपति को बचाने के प्रयास में दो अन्य युवक भी ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसा बीकानेर के जेएन व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित घड़सीसर रेलवे ट्रैक पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, एक दंपती किसी बात को लेकर रेलवे ट्रैक पर ही झगड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद दो लोगों ने उन्हें बचाने के लिए ट्रैक पर जाने की कोशिश की। तभी अचानक ट्रेन आ गई और चारों इसकी चपेट में आ गए।
एक मृतक की हुई पहचान, दो की शिनाख्त बाकी
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रेन को मौके पर ही रोक दिया गया। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और स्थानीय पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों में से एक की पहचान बिहार के दरभंगा निवासी संजीत मोची के रूप में हुई है। वहीं, अन्य दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस घायल व्यक्ति की पहचान करने में भी जुटी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
नागौर में पटाखों में लगी आग के बाद भीषण धमाका, 2 की मौत
बीते दिनों राजस्थान के नागौर जिले के बड़ली इलाके में पटाखों में लगी आग के बाद भीषण धमाका हो गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। पुलिस अधिकारी के अनुसार, पटाखा फैक्ट्री के पास बिजली का खंभा था। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी। मामले की जांच के लिए FSL टीम भी मौके पर पहुंची। जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
ये भी पढ़ें-
कांग्रेस को मिलने वाले चंदे में 75% की गिरावट, एक साल में 386 करोड़ रुपये कम हुए
2027 से 'सीमा मित्र' पुरस्कार से सम्मानित होंगे BSF-SSB के जवान, CM शुभेंदु ने किया बड़ा ऐलान