राजस्थान के उदयपुर जिले में पंचायत चुनाव को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी इस बात से नाराज था कि उसके परिवार ने पंचायत चुनाव में उसके दोस्त को वोट नहीं दिया। इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ और गुस्से में आकर बेटे ने मां के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मां को बचाने आए पिता और बड़े भाई को भी उसने नहीं बख्शा। दोनों पर भी रॉड से हमला कर आरोपी मौके से फरार हो गया।
आधी रात घर पहुंचकर परिवार पर बरसाई लोहे की रॉड
दिल दहला देने वाली यह घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के महुवाड़ा गांव में शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पुष्पा अपने पति लालचंद, बड़े बेटे गणेश और बहू के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान छोटा बेटा राहुल परमार देर रात घर पहुंचा। घर पहुंचते ही पंचायत चुनाव में उसके दोस्त को वोट नहीं देने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में राहुल ने अपनी मां पुष्पा के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। हमले में पुष्पा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं।
मां को बचाने आए पिता और भाई पर भी हमला
मां पर हमला होते देख पिता लालचंद बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन पर भी लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस दौरान बड़े भाई गणेश परमार और उसकी पत्नी ने भी राहुल को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद वह घटनास्थल से फरार हो गया।
घटना के बाद बड़े बेटे गणेश ने घायल माता-पिता को निजी वाहन से डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही गंभीर रूप से घायल पुष्पा ने रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल लालचंद का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
पंचायत चुनाव में दोस्त को वोट नहीं देने की नाराजगी में बेटे द्वारा अपनी ही मां की हत्या किए जाने की इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस आरोपी राहुल की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें-