भीलवाड़ा: राजस्थान नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान कल यानी शुक्रवार को होगा। भीलवाड़ा जिले के बिजोलिया नगर पालिका चुनाव में आपस में रिश्तेदारों के बीच ही रोचक मुकाबला देखने को मिल रहा है, जहां शुक्रवार को बिजोलिया नगर पालिका में पार्षद प्रत्याशियों के लिए मतदान होगा। बता दें कि भीलवाड़ा जिले में नगर निकाय चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण का मतदान नौ सितंबर को हो चुका है और जिले के बाकी 9 निकायों में 11 सितंबर को मतदान होगा। सभी निकायों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। पहले चरण में नगर निगम भीलवाड़ा में 62.71 प्रतिशत, जबकि बीगोद नगर पालिका में 91.49 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
बिजौलिया नगरपालिका चुनाव को लेकर शुक्रवार को मतदान होगा जहां पालिका क्षेत्र में 13153 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 25 वार्डों में कुल 106 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है, जिनमें भाजपा और कांग्रेस के 25-25,आरएलपी के तीन और आम आदमी पार्टी के एक प्रत्याशी के साथ ही 52 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं।
ननद-भौजाई, देवरानी-जेठानी में कड़ा मुकाबला
बता दें आधा दर्जन वार्डों में मजबूत निर्दलीय प्रत्याशियों की वजह से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया हैं। वहीं वार्ड 19 में त्रिकोणीय मुकाबले में ननद -भाभी(भौजाई) तो वार्ड 17 में चतुष्कोणीय मुकाबले में देवरानी- जेठानी भी चुनाव मैदान में हैं। वार्ड 19 में भाजपा से लक्ष्मी देवी सोलंकी प्रत्याशी हैं, वहीं इनकी सगी ननद पिंकी देवी भी बतौर निर्दलीय मैदान में डटी हुई हैं। वार्ड 17 में कांग्रेस से लीला देवी जोशी उम्मीदवार हैं तो इनके सामने भाजपा से इनकी देवरानी आशा देवी जोशी चुनाव लड़ रही हैं।
निर्दलीय प्रत्याशी पर ने भाजपा प्रत्याशी पर लगाया आरोप
भीलवाड़ा नगर निगम के वार्ड 49 में नामांकन वापस लेने को लेकर निर्दलीय प्रत्याशी रोहित कुमार सैन ने भाजपा प्रत्याशी अमित कुमार सारस्वत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रोहित का आरोप है कि अमित उनके घर पहुंचे और टेबल पर एक लाख रुपए रखकर चले गए। बाद में फोन कर उन्होंने पैसे छोड़ने की बात भी कही। रोहित ने मामले की शिकायत भीमगंज थाने में दर्ज कराई और एक लाख रुपए पुलिस को सौंप दिए।
ये भी पढ़ें:
राजस्थान नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग कल, टोंक जिला कलेक्टर टीना डाबी ने क्या बताया
(भीलवाड़ा से सोमदत्त त्रिपाठी की रिपोर्ट)