1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. "हिंदू धर्म में कांग्रेस को ज्यादा भरोसा", गहलोत के दावे पर बीजेपी का पलटवार- जनता सब जानती है

"हिंदू धर्म में कांग्रेस को ज्यादा भरोसा", गहलोत के दावे पर बीजेपी का पलटवार- जनता सब जानती है

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 22, 2023 04:58 pm IST,  Updated : Jun 22, 2023 04:58 pm IST

राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि भगवा पार्टी में कई ऐसे लोग हैं जिनका हिंदू धर्म से कोई लेना-देना नहीं है। वे सिर्फ राम मंदिर निर्माण पर राजनीति करने के लिए हिंदू बने हैं।

अशोक गहलोत - India TV Hindi
अशोक गहलोत Image Source : PTI

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा किया है कि कांग्रेस को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की तुलना में हिंदू धर्म में अधिक विश्वास है। उन्होंने कहा कि  भगवा पार्टी में कई ऐसे लोग हैं जिनका हिंदू धर्म से कोई लेना-देना नहीं है। वे सिर्फ राम मंदिर निर्माण पर राजनीति करने के लिए हिंदू बने हैं। धीरे-धीरे अब उनके रहस्य खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम बीजेपी को राजस्थान में हिंदुत्व को अपना एजेंडा नहीं बनाने देंगे। राज्य में सभी धर्म, जातियां और वर्ग मिलकर राजनीति करेंगे।।

"खुलेआम 'गौ माता' के नाम पर वोट मांगती है"

मीडिया से बातचीत करते हुए गहलोत ने कहा कि उनकी पार्टी गायों की सेवा के लिए आगे बढ़ी है। उन्होंने बताया कि हमने सबसे पहले गायों की सेवा का काम करते हुए अनुदान भी दिया, लेकिन इसके नाम पर कभी वोट नहीं मांगा। गायों के लिए बहुत कम काम करने के बावजूद बीजेपी खुलेआम 'गौ माता' के नाम पर वोट मांगती है।

"मुखिया को कोई फर्क क्यों नहीं पड़ता?"

मुख्यमंत्री के आरोपों का जवाब देते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि ऐसे बयान देकर गहलोत बीकानेर के खाजूवाला में दलित युवती से हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना से ध्यान भटकाना चाहते हैं। फिलहाल पीड़ित परिवार को न्याय की दरकार है। उन्होंने कहा कि इस बर्बर घटना से भी मुखिया को कोई फर्क क्यों नहीं पड़ता? वे बस लोगों का ध्यान इससे भटकाना चाहते हैं, लेकिन राज्य की जनता सब जानती है। बीजेपी उचित समय पर इसका करारा जवाब देगी।

"प्रभावित परिवारों से प्रियंका गांधी को मिलवाना चाहिए"

प्रियंका गांधी को निशाने पर लेते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस नेता बार-बार कहती थीं 'लड़की हूं लड़ सकती हूं', यही समय है जब उन्हें राजस्थान आना चाहिए, क्योंकि राज्य में महिला अत्याचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि प्रियंका के लिए राजस्थान एक पर्यटन स्थल से ज्यादा कुछ नहीं है। अशोक गहलोत को प्रभावित परिवारों से प्रियंका गांधी को मिलवाना चाहिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।