1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में कोरोना के नए मामलों ने तोड़ा रिकॉर्ड, 31 मरीजों की मौत

राजस्थान में कोरोना के नए मामलों ने तोड़ा रिकॉर्ड, 31 मरीजों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 16, 2021 10:06 pm IST,  Updated : Apr 16, 2021 10:06 pm IST

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 7359 नये मामले शुक्रवार को सामने आये जिससे राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3,95,309 हो गई।

राजस्थान में कोरोना...- India TV Hindi
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 7359 नये मामले शुक्रवार को सामने आए। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

जयपुर: राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 7359 नये मामले शुक्रवार को सामने आये जिससे राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3,95,309 हो गई। राज्य में इस घातक संक्रमण में 31 और मरीजों की मौत हो गई जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 3072 हो गई। राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढकर 53,813 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को कोविड-19 के रिकार्ड 7359 नये मामले सामने आने से राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3,95,309 हो गई है जिसमें 53,813 रोगी उपचाराधीन हैं।

सबसे ज्यादा 1201 मामले राजधानी जयपुर में

बीते 24 घंटे में राज्य में आए संक्रमितों में जयपुर में 1201, जोधपुर में 1144, उदयपुर में 792, कोटा में 664, धौलपुर में 355, अजमेर में 342, अलवर में 271, भीलवाडा में 254, डूंगरपुर में 257, भीलवाडा में 254 नए संक्रमित शामिल हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 2791 और कोरोना वायरस संक्रमित ठीक हुए। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक कुल 3,38,424 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। राज्य में इस घातक संक्रमण से बीते 24 घंटे में हुई मौतों में से जोधपुर-उदयपुर में 5-5, अजमेर में 3,बाडमेर-जयपुर-करौली-सीकर में 2-2 और चित्तौडगढ़, चूरू, दौसा, धौलपुर,जालौर, झालावाड, झुंझुनूं,नागौर, राजसमंद और सवाई माधोपुर में एक-एक मौतें भी शामिल हैं।

राजस्थान में सोमवार सुबह तक लागू हुआ कर्फ्यू
बता दें कि राजस्थान सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए गुरुवार देर रात शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक राज्य में कर्फ्यू लगाने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट के जरिए कहा था, ‘कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक प्रदेश में कर्फ्यू रहेगा। आप सभी से अपील है कि कर्फ्यू के दौरान सरकार का सहयोग करें और कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर का पालन करें। कर्फ्यू के दौरान पहले से चल रहे नाइट कर्फ्यू में छूट की श्रेणी वाली सेवाओं में फल-सब्जी, दूध, एलपीजी और बैंकिग सेवाओं को भी शामिल किया गया है।’

उपचुनाव वाले क्षेत्रों में कर्फ्यू की ये है व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा था,‘पहले प्रदेश के 17 जिलों में कोरोना के अधिक मामले सामने आ रहे थे लेकिन पिछले कुछ दिनों में सभी जिलों में संक्रमण तेजी से फैला है। इसलिए आज वीकेंड कर्फ्यू का सख्त फैसला लिया गया है। अगर समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति दूसरे प्रदेशों जैसी विकट स्थिति बन सकती है। आमजन से अपील है कि पूर्व की तरह एकजुटता दिखाएं और एक-दूसरे का सहयोग करें। राजस्थान सरकार हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।’ अधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य में 17 अप्रैल को होने वाले तीनों विधानसभा क्षेत्रों सहाडा (भीलवाडा), सुजानगढ (चूरू) और राजसमंद के उपचुनाव में मतदान एवं उससे जुड़ी सम्पूर्ण प्रक्रिया कर्फ्यू से छूट में शामिल रहेंगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।