उदयपुर: जिले के फतहनगर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां जामा मस्जिद के गेट पर दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर डंडों और सरियों से हमला कर दिया। इस घटना में 8 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि मस्जिद परिसर में सामुदायिक भवन के कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा कई अन्य मामलों को लेकर भी दोनों पक्षों में असहमति थी।
नमाज के बाद हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक घटना उदयपुर के फतहनगर की है। घटना शुक्रवार (19 जून) को जुमे की नमाज के ठीक बाद की है, जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर बेरहमी से हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, मस्जिद परिसर में सामुदायिक भवन के कब्जे को लेकर दोनों गुटों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान एक गुट नाराज होकर मस्जिद से बाहर चला गया और पास ही चल रहे मकान निर्माण कार्य से डंडे व सरिए उठाकर दूसरे गुट पर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी।
दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस केस दर्ज
थानाधिकारी चंद्रशेखर किलानिया ने बताया कि खूनी संघर्ष के बाद दोनों पक्षों की ओर से मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में एक पक्ष से शब्बीर भाटी ने और दूसरे पक्ष से अब्बार हुसैन ने शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
सदर चुनाव के बाद से ही चल रही थी रंजिश
थानाधिकारी किलानिया ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले हुए सदर (अध्यक्ष) के चुनाव के बाद से ही दोनों गुटों के बीच रंजिश चल रही है। दोनों पक्षों में कई मुद्दों पर असहमति है और पहले भी कई बार हाथापाई की नौबत आ चुकी है। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और यहां तक कि उदयपुर व कपासन से आए समाज के प्रबुद्ध लोगों ने भी दोनों पक्षों को साथ बैठाकर कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों गुट मानने को तैयार नहीं हैं। पुलिस इस बार मामले में सख्ती बरतते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी। (इनपुट- भगवान प्रजापति)
यह भी पढ़ें-
107 पेंडिंग चालान वाली बाइक लेकर घूम रहा था शख्स, 2.36 लाख रुपये का था कुल जुर्माना; पुलिस ने दबोचा