1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में स्कूल खुलने की तारीख को लेकर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने दी ये जानकारी

राजस्थान में स्कूल खुलने की तारीख को लेकर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने दी ये जानकारी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 24, 2021 04:51 pm IST,  Updated : Jul 24, 2021 04:51 pm IST

कोरोना वायरस के घटते मामलों के बीच राज्य में स्कूल खोले जाने की घोषणा पर उठे विवाद के बाद स्कूली शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने शनिवार को कहा कि इस बारे में अंतिम फैसला मुख्यमंत्री अशोक गहलोत करेंगे। 

जानिए राजस्थान में कब खुलेंगे स्कूल- India TV Hindi
जानिए राजस्थान में कब खुलेंगे स्कूल Image Source : FILE PHOTO

जयपुर। कोरोना वायरस के घटते मामलों के बीच राज्य में स्कूल खोले जाने की घोषणा पर उठे विवाद के बाद स्कूली शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने शनिवार को कहा कि इस बारे में अंतिम फैसला मुख्यमंत्री अशोक गहलोत करेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा व पढ़ाई दोनों सरकार की प्राथमिकता है।

डोटासरा ने शनिवार को ट्वीट किया,' स्कूल खोलने को लेकर विस्तृत प्रक्रिया एसओपी बनाने के लिए गठित मंत्रिमंडल की समिति की बैठक में सभी पहलुओं पर चर्चा के बाद मुख्यमंत्री गहलोत स्कूल खोले जाने की तारीख और स्वरूप पर निर्णय करेंगे।' इसके साथ ही डोटासरा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई दोनों हमारी सरकार की प्राथमिकता में है।

उल्लेखनीय है कि राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक बृहस्पतिवार को हुई जिसमें कोरोना की दूसरी लहर के बाद राज्य में विद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों को शिक्षण कार्य के लिए खोलने पर सैद्धांतिक सहमति जताई गयी। बैठक के बाद डोटासरा ने ट्वीट किया था कि सभी स्कूल दो अगस्त से खुलेंगे। हालांकि इस पर मुख्य विपक्षी भाजपा ने कहा कि बिना कोई प्रक्रिया तय किये स्कूल खोलना उचित नहीं है। इस पर पैदा हुये विवाद के बाद मुख्य विपक्षी भाजपा भी आक्रामक हो गई।

इसके बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री गहलोत ने शिक्षण संस्थाओं को खोलने की तिथि और एसओपी के संबंध में निर्णय लेने के लिए पांच मंत्रियों की समिति गठित की। इस समिति में चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा, कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री भंवर सिंह भाटी तथा तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री डॉ सुभाष गर्ग शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।