Rajasthan Weather Update: राजस्थान के लोगों के लिए मौसम को लेकर राहत भरी खबर है। राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की वजह से फिलहाल जानलेवा लू से राहत मिल गया है। मौसम विभाग ने राज्य में बदलते मौसम को देखते हुए आने वाली 18 जून तक के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में तेज आंधी चल सकती है, बिजली कड़क सकती है और अच्छी बारिश भी हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में कहां क्या हुआ?
बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अच्छी-खासी बारिश हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में कुछ जगहों पर हल्की फुल्की बूंदें गिरीं। ऐसे में पूरे राज्य में कहीं भी लू नहीं चली।
- जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में सबसे ज्यादा 44 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
- चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा में 23 मिमी और 5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
- फलौदी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
- जैसलमेर में दिन का तापमान 41.2 डिग्री, बाड़मेर में 41.1 डिग्री और चूरू में 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- हमेशा की तरह फलौदी सबसे गर्म रहा, लेकिन यहां भी तापमान गिरकर 42.8°C पर आ गया, जिससे लोगों को राहत मिली।
अगले कुछ दिनों का अनुमान
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से आने वाले दिनों में मौसम ऐसा ही सुहाना बना रहेगा।
- 14 जून: बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर और कोटा संभागों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी आ सकती है और गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने के पूरे आसार हैं।
- 15 से 18 जून: जयपुर, उदयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के इलाकों में बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा।
- 19 और 20 जून: जयपुर, कोटा और भरतपुर संभागों में कुछ जगहों पर पानी बरस सकता है।
आपके जिले में कैसा रहेगा असर?
मौसम विभाग ने जिलों को दो तरह के अलर्ट में बांटा है-
ऑरेंज अलर्ट वाले इलाके
- 14 जून: जयपुर, झुंझुनूं और सीकर।
- 15 जून: अलवर, दौसा, डीग, खैरथल, कोटपुतली और हनुमानगढ़।
यलो अलर्ट वाले इलाके
- 14 से 17 जून: अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, झालावाड़, खैरथल/तिजारा, कोटा, कोटपुतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर और सीकर।
- 14 जून: बीकानेर, चुरू, डीडवाना, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर।
- 16-17 जून: चुरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और नागौर।
- 18 जून: डीडवाना और नागौर।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली के हर थाने में अब लगेगी 'जन सुनवाई', LG संधू के निर्देश पर कमिश्नर ने जारी किया आदेश
जब सायोनी घोष से पूछा गया- बागी क्यों हो गईं, जवाब दिया- "सब पता चलेगा, मेरी आवाज आगे तक जाएगी"