राजस्थान के डूंगरपुर जिले के वरदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आतरी गांव में एक अनोखी घटना सामने आई है। शिकार की तलाश में निकला एक तेंदुआ खुद ही फंस गया और शिकार करने के प्रयास में सूअर के साथ कुएं में जा गिरा। बुधवार सुबह यह घटना तब सामने आई, जब ग्रामीणों ने एक पुराने कुएं से तेंदुए की दहाड़ने की आवाजें सुनीं।
कुएं में गिरे शिकार और शिकारी
यह कुआं आतरी गांव में स्थित हनुमान मंदिर के पीछे है। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि एक तेंदुआ और एक जंगली सूअर कुएं के भीतर हैं। दोनों जानवर कुएं में मौजूद लगभग दो फीट पानी में फंसे हुए थे, जिससे फिलहाल उनकी जान को कोई गंभीर खतरा नहीं हुआ। माना जा रहा है कि तेंदुआ सूअर का पीछा कर रहा था, इसी दौरान दोनों कुएं में जा गिरे।
ग्रामीणों की जमा हो गई भीड़
सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग और पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। जल्द ही वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई और कुएं की घेराबंदी कर दी गई, ताकि जानवरों को कोई नुकसान न पहुंचे।
वन विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उदयपुर से ट्रैंकुलाइज़ टीम को बुलाया। टीम के पहुंचने के बाद तेंदुए और सूअर को बेहोश कर सुरक्षित रेस्क्यू करने की योजना बनाई गई। अधिकारियों के अनुसार, जानवरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी सतर्कता के साथ किया जाएगा।
(रिपोर्ट- राजेश राजा सोनी)
ये भी पढ़ें-
Pahalgam Terror Attack: जन्मदिन से एक दिन पहले शैलेश को आतंकियों ने मारा, बैंक में थे मैनेजर
Pahalgam Terror Attack: आतंकियों का 'पाक कनेक्शन' कोड वर्ड में थे नाम, पूरे शरीर पर लगे थे बॉडी कैम