1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने नष्ट की 1600 किलो सोहनपापड़ी, बिना पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट के हो रही थी बिक्री

जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने नष्ट की 1600 किलो सोहनपापड़ी, बिना पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट के हो रही थी बिक्री

 Reported By: Manish Bhattacharya Written By: Shakti Singh
 Published : Aug 09, 2026 09:35 am IST,  Updated : Aug 09, 2026 10:37 am IST

मिलावट के खिलाफ अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जब आनंद धाबास की निर्माण इकाई पर पहुंची तो सोहनपापड़ी की पैकिंग में एक्सपायरी डेट भी नहीं लिखी थी। ऐसे में पूरा स्टॉक नष्ट कराया गया।

SOhan Papdi- India TV Hindi
जयपुर में सोहन पापड़ी नष्ट Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाने के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आनंद धाबास की निर्माण इकाई पर छापेमारी के दौरान 1600 किलो सोहनपापड़ी नष्ट की गई। इसके साथ ही सोहनपापड़ी और बादाम कटिंग के सैंपल भी लिए गए। विभाग की टीम को बड़ी मात्रा में तैयार सोहनपापड़ी पर पैकेजिंग डेट और एक्सपायरी डेट नहीं मिली। इसके अलावा जांच के दौरान स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई कमियां भी सामने आईं। कुछ दिन पहले गुजरात में भी एक नकली घी की फैक्ट्री पकड़ी गई थी। इसके बाद एनालॉग पनीर पर बैन लगा दिया गया।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्देशन में चल रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत की गई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की सेंट्रल टीम ने जयपुर स्थित मेसर्स आनंद धाबास की सोहनपापड़ी निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में की गई।

जांच के लिए भेजे जाएंगे सैंपल

छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोहनपापड़ी और बादाम कटिंग के एक-एक नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। कार्रवाई के दौरान तैयार सोहनपापड़ी की बड़ी मात्रा पर आवश्यक खाद्य लेबलिंग नहीं पाई गई। खास तौर पर पैकेजिंग डेट और एक्सपायरी/उपभोग की अंतिम तिथि अंकित नहीं थी। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए विभाग ने मौके पर उपलब्ध करीब 1600 किलो सोहनपापड़ी को नष्ट करवा दिया।

Sweet factory
Image Source : REPORTER INPUTमिठाई की फैक्ट्री में छापा

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

निरीक्षण में सामने आई अन्य कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को इम्प्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया जा रहा है। वहीं, लिए गए खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गुजरात में नकली घी बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़

पांच अगस्त को गुजरात के गांधीनगर में पुलिस ने एक फैक्टरी पर छापा मारकर उसे सील कर दिया, जहां कथित तौर पर ताड़ के तेल से नकली घी बनाया जा रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस ने खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन (एफडीसीए) और अपराध विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के अधिकारियों के साथ मिलकर मंगलवार को कलोल के छत्राल औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। पुलिस महानिरिक्षक वीरेंद्र सिंह यादव ने कहा, ''हमने छत्राल जीआईडीसी स्थित 'हैप्पी ऑयल इंडस्ट्रीज' से मिलावटी घी, मिलावटी ताड़ का तेल और अन्य रसायनों समेत 1.67 करोड़ रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है।'' उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान करीब 30,000 लीटर तैयार सामग्री जब्त की गई। यादव ने कहा कि एफएसएल की टीमों ने जब्त सामग्री के नमूने एकत्र किए हैं और रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फैक्टरी को सील कर दिया गया है और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने यह भी पाया कि फैक्टरी मालिक जनक भावसार ने कथित तौर पर कडी में भी इसी तरह की एक इकाई संचालित की थी, जिस पर 2024 में छापा मारा गया था। इसके बाद उसने कलोल में एक और फैक्टरी शुरू की।

यह भी पढ़ें-

ई-मित्र की आड़ में 40 करोड़ का साइबर खेल! 18 महीने में खड़ा किया फ्रॉड का साम्राज्य, झुंझुनूं में चौंकाने वाली वारदात

जनाना अस्पताल में महिला के सिर पर भरभराकर गिरा छत का प्लास्टर, CCTV में कैद हुई लापरवाही

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।