राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में हरिप्रसाद मीणा पर शिकंजा कसा है। आरोपी के पांच ठिकानों पर छापेमारी चल रही है, जिसमें अब तक आय से 200% ज्यादा संपत्ति उजागर हो चुकी है। जयपुर सहित प्रदेश में आधा दर्जन ठिकानों पर चल रही सर्च में 2 ऑडी कार, 1 स्कॉर्पियो और थार भी एसीबी को मिली है।
जयपुर, दूदू, लालसोट में अब तक 4 करोड़ रुपए की आय से अधिक संपत्ति उजागर हुई है। आरोपी के ठिकानों से दो ऑडी, एक स्कॉर्पियो, एक फोर्ड एंडेवर, एक रॉयल एनफील्ड बाइक बरामद की गई है। बरामद वाहनों की कीमत करीब 2 करोड़ रुपए है। आरोपी हरिप्रसाद मीणा ने विदेश यात्राओं और महंगे होटलों में रुकने पर 45 लाख रुपए खर्च किए हैं।
लग्जरी अपार्टमेंट में भी सर्च
हरिप्रसाद मीणा के जयपुर में महल रोड पर तीन महंगे और लग्जरी अपार्टमेंट हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपए है। इसके अलावा लालसोट दौसा के बगड़ी गांव में एक लग्जरी फार्म हाउस भी है। आरोपी हरिप्रसाद और उसके परिवार के सदस्यों के 19 बैंक खातों में करोड़ों रुपए का लेनदेन पाया गया है। आरोपी ने बैंक से करोड़ों रुपए का लोन लेकर समय से पहले पूरा भुगतान भी किया है। एसीबी जांच कर रही है कि यह पैसा कैसे कमाया गया।
सरकारी इंजीनियर है हरिप्रसाद
हरिमोहन मीणा के पास तमाम लग्जरी गाड़ियों के अलावा महंगे फ्लैट्स और घर हैं। दो अपार्टमेंट एक-दूसरे के पास हैं। इनमें से एक में हरिप्रसाद रहता है, जबकि दूसरे अपार्टमेंट में इंटीरियर का काम चल रहा है। हरिप्रसाद मीणा सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता (XEN) का इंजीनियर है। सर्च में इंजीनियर के पास करोड़ों की प्रॉपर्टी मिली है। एसीबी ने कई डॉक्यूमेंट, प्रॉपर्टी डील और पासबुक जब्त की हैं। अधिकारियों के अनुसार यदि हरिप्रसाद की संपत्तियों की पुष्टि होती है और आरोपी की तरफ से संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो उसे जल्द ही अरेस्ट किया जा सकता है।