1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जयपुर में पैरामेडिकल डिप्लोमा परीक्षा के दौरान नकल का खुलासा, परीक्षा की गई रद्द, छात्रों ने की तोड़फोड़-VIDEO

जयपुर में पैरामेडिकल डिप्लोमा परीक्षा के दौरान नकल का खुलासा, परीक्षा की गई रद्द, छात्रों ने की तोड़फोड़-VIDEO

 Reported By: Manish Bhattacharya Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 29, 2026 07:58 pm IST,  Updated : Jun 29, 2026 08:04 pm IST

परीक्षा रद्द किए जाने के बाद छात्र गुस्सा गए। छात्रों ने स्कूल परिसर में कुर्सियां तोड़ी और जमकर बवाल काटा। किसी तरह पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर छात्रों को शांत कराया।

गुस्साए छात्रों ने की तोड़फोड़- India TV Hindi
गुस्साए छात्रों ने की तोड़फोड़ Image Source : REPORTER INPUT

जयपुर के कालवाड़ (मुंडोता) स्थित प्रभा देवी मेमोरियल पीजी कॉलेज में पैरामेडिकल डिप्लोमा परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि झुंझुनूं के एक कॉलेज के 45 विद्यार्थियों को एक ही कमरे में बैठाकर नकल कराने की तैयारी थी। इस पूरे खेल के लिए करीब 5.50 लाख रुपये का सौदा तय किया गया था।

तीन को किया गया गिरफ्तार

खोरा बीसल थाना पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए कॉलेज संचालक रामकृष्ण मंडीवाल, उसके भतीजे देवकृष्ण और दो वीक्षकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मौके से विद्यार्थियों के नाम लिखी पर्चियां और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले।

छात्रों ने की जमकर नारेबाजी और तोड़फोड़

घटना की जानकारी मिलते ही परीक्षा केंद्र पर मौजूद अन्य अभ्यर्थी भड़क गए। नाराज छात्रों ने कॉलेज परिसर के बाहर जमकर नारेबाजी, हंगामा और तोड़फोड़ की। प्रदर्शन के दौरान कुर्सियां फेंकी गईं और परीक्षा रद्द करने की मांग उठी।

पुलिस बल को किया गया तैनात

बढ़ते बवाल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर छात्रों को शांत कराया। मामले की सूचना परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी को भी दी गई।

तत्काल प्रभाव से परीक्षा की गई रद्द

राजस्थान पैरामेडिकल काउंसिल ने गड़बड़ी के बाद संबंधित परीक्षा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी। काउंसिल ने परीक्षा केंद्र की मान्यता भी निरस्त करने का निर्णय लिया। पुलिस अब पूरे नकल रैकेट और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

क्या है पैरामेडिकल डिप्लोमा परीक्षा?

बता दें कि पैरामेडिकल डिप्लोमा परीक्षा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े तकनीकी कर्मचारियों के चयन और प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण परीक्षा मानी जाती है। इस परीक्षा के माध्यम से विभिन्न पैरामेडिकल डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया जाता है। सफल अभ्यर्थियों को संबंधित क्षेत्र में डिप्लोमा प्रदान किया जाता है, जिससे वे सरकारी और निजी अस्पतालों, डायग्नोस्टिक सेंटरों, लैब और स्वास्थ्य संस्थानों में नौकरी के लिए पात्र बनते हैं।

इन कोर्सों की होती है पढ़ाई

पैरामेडिकल डिप्लोमा के तहत मेडिकल लैब टेक्नीशियन, एक्स-रे टेक्नीशियन, रेडियोग्राफी, ऑपरेशन थिएटर टेक्नीशियन, डायलिसिस टेक्नीशियन, ईसीजी टेक्नीशियन, फिजियोथेरेपी, ऑप्थैल्मिक टेक्नीशियन समेत कई ट्रेड शामिल होते हैं। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य ऐसे प्रशिक्षित तकनीकी कर्मियों को तैयार करना है, जो डॉक्टरों और चिकित्सा टीम की सहायता करते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा सकें।

ये भी पढ़ें: 

महाराष्ट्र में अगले साल से ऑनलाइन होगी TET की परीक्षा, पेपर लीक के बाद अब पुनर्परीक्षा होगी निशुल्क

महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में एक्शन, कोर्ट ने तीनों आरोपियों को 8 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा; दिल्ली से पेपर बेचने आए थे भिवंडी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।