1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में अगले साल से ऑनलाइन होगी TET की परीक्षा, पेपर लीक के बाद अब पुनर्परीक्षा होगी निशुल्क

महाराष्ट्र में अगले साल से ऑनलाइन होगी TET की परीक्षा, पेपर लीक के बाद अब पुनर्परीक्षा होगी निशुल्क

 Reported By: Saket Rai,  Sachin Chaudhary Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 29, 2026 05:52 pm IST,  Updated : Jun 29, 2026 05:57 pm IST

महाराष्ट्र पेपर लीक के बाद सरकार ने कई कड़े कदम उठाए हैं। टीईटी पेपर अब अगली साल से ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। इसके लिए सरकार अभी से तैयारी शुरू करने के लिए एक कमेटी का गठन करेगी।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PIXABAY

महाराष्ट्र विधानसभा में TET (शिक्षक पात्रता परीक्षा) पेपर लीक पर महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। पेपर लीक के बाद अब अगले साल से परीक्षा ऑनलाइन करने की तैयारी है। सरकार इस प्लानिंग के लिए एक कमेटी का गठन करेगी। वहीं, टीईटी प्रश्नपत्र लीक मामले पर शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने सरकार की ओर से निवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि अभ्यर्थियों से पुनर्परीक्षा के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। 

उच्चस्तरीय समिति का होगा गठन

उन्होंने बताया कि भविष्य में सभी भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति राज्य सरकार के सभी विभागों की परीक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से आयोजित करने की संभावना का अध्ययन कर अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपेगी।

3 आरोपियों को लिया गया हिरासत में

दादा भुसे ने सदन को जानकारी दी कि टीईटी का प्रश्नपत्र बेचने की कोशिश कर रहे 3 आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र बरामद किया गया है। इस मामले में राजू प्रयाग श्याम सहित 3 लोगों के खिलाफ ठाणे जिले के भिवंडी स्थित कोनगांव पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। सरकार के अनुसार, आरोपी बड़ी रकम लेकर प्रश्नपत्र बेचने की तैयारी में थे। इस प्रकरण में तीनों आरोपियों को 27 जून को गिरफ्तार किया गया है।

SIT का किया गया गठन

मंत्री ने बताया कि मामले की गहन जांच के लिए ठाणे पुलिस आयुक्तालय के अपराध शाखा की ओर से विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। जांच के सिलसिले में पुलिस की टीमें हरियाणा, बिहार और दिल्ली रवाना की गई हैं।

आरोपियों के खिलाफ लग सकता है मकोका

उन्होंने यह भी कहा कि आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाने के संबंध में भी जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।

परीक्षा से एक दिन पहले लीक हुआ पेपर

बता दें कि महाराष्ट्र में MAHA TET 2026 का पेपर लीक 27 जून 2026 को सामने आया था, यानी परीक्षा से एक दिन पहले ही पेपर लीक हो गया। इसके बाद राज्य सरकार और महाराष्ट्र स्टेट काउंसिल ऑफ एग्जामिनेशन ने 28 जून 2026 को होने वाली परीक्षा को स्थगित कर दिया।

ये भी पढ़ें: 

महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में एक्शन, कोर्ट ने तीनों आरोपियों को 8 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा; दिल्ली से पेपर बेचने आए थे भिवंडी

महाराष्ट्र में कक्षा पहली से दसवीं तक मराठी भाषा का शिक्षण अनिवार्य, नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।