1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. नहीं खत्म हो रहा तेंदुए का आतंक, दो महिलाओं को बनाया निशाना, एक महीने में 8 मौतें, वन विभाग ने गोली मारने के आदेश दिए

नहीं खत्म हो रहा तेंदुए का आतंक, दो महिलाओं को बनाया निशाना, एक महीने में 8 मौतें, वन विभाग ने गोली मारने के आदेश दिए

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 17, 2024 07:11 am IST,  Updated : Oct 17, 2024 07:11 am IST

उदयपुर जिले में बुधवार को एक तेंदुए ने खेत में काम कर रही दो महिलाओं पर हमला कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हमले में घायल एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

राजस्थान में आदमखोर तेंदुए का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। यहां लगातार आदमखोर तेंदुआ गांव के लोगों को अपना शिकार बना रहा है। इससे गांव के लोग दहशत में जी रहे हैं। इधर तेंदुए से परेशान होकर वन विभाग ने उसे गोली मारने के आदेश दे दिए हैं। हालांकि, अब तक आठ लोगों की मौत होने के बावजूद वन विभाग के अधिकारियों के पास तेंदुए को लेकर कोई खास जानकारी नहीं है, जिसकी मदद से उसे पकड़ा जा सके या मारा जा सके।

उदयपुर जिले में बुधवार को एक तेंदुए ने खेत में काम कर रही दो महिलाओं पर हमला कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हमले में घायल एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पिछले कई दिनों से वन विभाग, पुलिस और सेना आदमखोर तेंदुए की तलाश में जुटी है। 

एक महीने में आठवीं मौत

हाथीपोल थानाधिकारी आदर्श कुमार ने बताया कि आदमखोर तेंदुए की तलाश वाले क्षेत्र के नजदीक ही यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर के बाद से तेंदुए के हमले में यह आठवीं (मानव) मौत है। अधिकारी ने बताया कि मृतक महिला की पहचान मांगीबाई के रूप में हुई। पुलिस ने शव को अस्पताल के मुर्दाघर में रखा है। उन्होंने बताया कि बुधवार को तेंदुए ने खेत में काम कर रहीं केशीबाई और मांगीबाई पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। वन विभाग ने उदयपुर में आदमखोर तेंदुए को गोली मारने के आदेश दिए हैं। 

यूपी में भी तेंदुए का हमला

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में (11 अक्टूबर) शुक्रवार को नहटौर के मलकपुर में आठ वर्षीय बच्ची की तेंदुए के हमले में मौत हो गई। थाना प्रभारी नहटौर धीरज सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग आठ बजे गांव मलकपुर में आठ साल की तान्या अपनी मां के साथ पशुओं का चारा लेने जंगल जा रही थी। इसी दौरान तेंदुआ ने हमला करके उसे सड़क से अपने साथ खींच ले गया। चीख-पुकार सुनकर जब तक गांव वालों ने शोर मचाकर तेंदुए को भगाया तब तक तान्या बुरी तरह से घायल हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि तान्या को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसे वहां मृत घोषित कर दिया गया। सिंह ने बताया कि उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। (इनपुट- पीटीआई भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।