जयपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष पद को लेकर संशय बना हुआ है। हालांकि मदन राठौड़ का प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बने रहना लगभग तय माना जा रहा है। क्योंकि उनके अलावा किसी अन्य ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है। हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा शनिवार को की जाएगी। मदन राठौड़ ने शुक्रवार को यहां पार्टी कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और अन्य नेताओं के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया।
मदन राठौड़ ने किया नामांकन
पार्टी के चुनाव अधिकारी और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने संवाददाताओं को बताया कि नामांकन पत्रों के कुल पांच सेट प्राप्त हुए हैं और सभी में मदन राठौड़ का नाम है। विजय रूपाणी ने कहा, "पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों ने पांच नामांकन सेट पेश किए हैं और इन सभी ने मदन राठौड़ के नाम का प्रस्ताव रखा है।" नामांकन दाखिल करने का समय दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक था। शाम 4.30 बजे से शाम पांच बजे तक जांच की गई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेताओं से चर्चा के बाद शनिवार सुबह 11 बजे निर्वाचन की घोषणा की जाएगी।
निर्विरोध चुने जा सकते हैं प्रदेश अध्यक्ष
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि मदन राठौड़ निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुने जाएंगे, क्योंकि आज किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही है जो पार्टी के भीतर लोकतांत्रिक व्यवस्था का पालन करती है। राज्यसभा सदस्य मदन राठौड़ को पिछले साल जुलाई में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
दोबारा भरोसा कर सकती है पार्टी
बता दें कि मदन राठौड़ के नेतृत्व में पार्टी ने विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया था। राजस्थान में भाजपा की जीत हुई और सरकार भी भारतीय जनता पार्टी की बनी। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि पार्टी उनपर दोबारा भरोसा जता सकती है। मदन राठौड़ चार बार जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं साल 2003 और 2013 में पाली की सुमेरपुर विधानसभा से विधायक भी रहे हैं। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
'मोहल्ला क्लीनिक का बदला जाएगा नाम', BJP सरकार का बड़ा फैसला; स्वास्थ्य मंत्री ने दिए जांच के आदेश
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित 6 विधायकों के खिलाफ एक्शन, विधानसभा से किया गया सस्पेंड