बारां: बारां जिले के शाहाबाद के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर भीषण हादसा हुआ है। यहां तेज रफ्तार डंपर और सवारियों से भरी रोड़वेज बस की भिड़ंत हुई है। टक्कर में बस पलटी खाकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बस के भीतर मौजूद लगभग सभी सवारियां घायल हुई हैं। इस घटना में दर्जन भर से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
गंभीर रुप से घायल बारां रेफर
गंभीर रुप से घायलों को शाहाबाद अस्पताल से उपचार के लिए बारां रेफर किया गया है। फिलहाल मौत को लेकर प्रशासन द्वारा पुष्टि नहीं की गई है। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार एनएच 27 पर शाहाबाद कस्बे को जा रहे मोड पर मिडवे के सामने हादसा हुआ है।
एक्सीडेंट से मची चीफ-पुकार
जानकारी के मुताबिक, शिवपुरी से बारां जाने वाली बस जब शाहबाद कस्बे के बस स्टैंड जाने के लिए सड़क पार कर रही थी। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से बस की भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है अचानक बस के सामने आ जाने से डंपर के ब्रेक नहीं लग पाए। इस दौरान डंपर चालक ने बस को बचाने के लिए डंपर को डिवाइडर पर चढ़ा दिया , लेकिन फिर भी डंपर की बस से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। भिड़ंत लगने के बाद बस पलटी खाकर चकनाचूर हो गई। मौके पर लोगों की चीख- पुकार मच गई।
घायलों का चल रहा इलाज
हादसे के बाद बस के अंदर मौजूद महिलाएं और पुरुष सड़क पर गिरे नजर आए। इस भीषण हादसे के बाद एचएच 27 और शाहबाद कस्बे तक कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने अपने वाहनों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को शाहबाद अस्पताल पहुंचाया। जहां से गंभीर रूप से घायल आधा दर्जन लोगों को बारां जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल प्रशासनिक अमला घायलों के उपचार में लगा हुआ है। हादसे में डम्पर चालक भी घायल हुआ है।
सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत
वहीं, बीकानेर जिले में भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हुए। पुलिस ने बताया कि सोमवार देर रात सिखवाल इलाके में दो कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई जिसमें मनोज जाखड़, करण, सुरेंद्र कुमार, दिनेश और मदन सारण की मौत हो गई।
रिपोर्ट- राम मेहता, बारां