1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. स्कूल में टिफिन खोलते समय बेहोश होकर गिरी बच्ची, 9 साल की उम्र में तोड़ दिया दम, सामने आई ये वजह

स्कूल में टिफिन खोलते समय बेहोश होकर गिरी बच्ची, 9 साल की उम्र में तोड़ दिया दम, सामने आई ये वजह

 Published : Jul 16, 2025 06:22 pm IST,  Updated : Jul 16, 2025 06:31 pm IST

सीकर के एक स्कूल में 9 साल की बच्ची की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बच्ची जब लंच के लिए टिफिन खोल रही थी उसी समय वह बेहोश होकर गिर पड़ी।

स्कूल में हार्ट अटैक से 9 साल की बच्ची की मौत- India TV Hindi
स्कूल में हार्ट अटैक से 9 साल की बच्ची की मौत Image Source : INDIA TV

सीकरः सीकर जिले के दांतारामगढ़ कस्बे में दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां महज 9 साल की बच्ची की हार्ट अटैक से मौत हो गई। आदर्श विद्या मंदिर स्कूल की चौथी कक्षा की छात्रा प्राची कुमावत की मंगलवार को स्कूल में अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीकर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इतनी कम उम्र में हार्ट अटैक से हुई मौत राज्य में संभवतः पहला मामला है।

स्कूल में प्रार्थना सभा में ली थी भागीदारी

आदर्श विद्या मंदिर स्कूल दांता के प्रधानाचार्य नंदकिशोर तिवाड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राची पुत्री भागचंद उज्जीवाल निवासी दांता पिछले दो-तीन दिन से सर्दी-जुकाम के चलते स्कूल नहीं आ रही थी। बुधवार को वह पूरी तरह स्वस्थ महसूस करते हुए स्कूल आई थी। सुबह प्रार्थना सभा में भी भाग लिया और फिर कक्षा में सामान्य रूप से पढ़ाई की।

इंटरवल में बिगड़ी तबीयत

इंटरवल के दौरान जब वह भोजन करने के लिए टिफिन खोल रही थी, तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। शिक्षकों और स्टाफ ने तुरंत उसे उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया।

दो बार आया अटैक, सीकर रेफर किया गया

दांता सीएचसी में मौजूद चिकित्सक डॉ आर. जांगिड़ ने बताया कि बच्ची को अचेत अवस्था में लाया गया था और उसे हार्ट अटैक के लक्षण प्रतीत हो रहे थे। उन्होंने फिजिशियन डॉ सोभाग सिंह के साथ मिलकर करीब डेढ़ घंटे तक जीवन रक्षक प्रयास किए। इस दौरान बच्ची को दो बार कार्डियक अटैक आया, फिर भी स्थिति कुछ हद तक स्थिर हो गई थी, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सीकर रेफर किया गया।

सीकर पहुंचने से पहले तोड़ा दम

दुर्भाग्यवश, सीकर ले जाते समय रास्ते में ही प्राची की मौत हो गई। परिवार और स्कूल में शोक की लहर है। इस घटना से हर कोई हैरान है। 

रिपोर्ट- अमित शर्मा, सीकर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।