1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान के श्री सांवलिया सेठ मंदिर में श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर चढ़ाया चढ़ावा, जून महीने में अर्पित किए 40 करोड़; 1.5 KG से ज्यादा सोना भी किया दान

राजस्थान के श्री सांवलिया सेठ मंदिर में श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर चढ़ाया चढ़ावा, जून महीने में अर्पित किए 40 करोड़; 1.5 KG से ज्यादा सोना भी किया दान

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 24, 2026 10:45 am IST,  Updated : Jun 24, 2026 10:48 am IST

उदयपुर के श्री सांवलिया सेठ मंदिर का खजाना तेजी से बढ़ा है। 7 चरणों में पूरी हुई गणना में 40.81 करोड़ से ज्यादा रुपये गिने गए। पिछले साल जून के मुकाबले मंदिर में 11 करोड़ रुपये ज्यादा चढ़ावा आया है। इससे श्री सांवलिया सेठ के भंडार ने नया रिकॉर्ड बनाया है।

Shri Sanwaliya Seth Temple- India TV Hindi
उदयपुर के श्री सांवलिया सेठ मंदिर में जून महीने में रिकॉर्ड दान आया है। Image Source : REPORTERS INPUT

Shri Sanwaliya Seth Temple Donation: राजस्थान में उदयपुर संभाग के चित्तौड़गढ़ जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री सांवलिया सेठ मंदिर में जून महीने के मासिक भंडार की गणना पूरी हो गई है। हर महीने की तरह इस बार भी मंदिर मंडल की मौजूदगी में भंडार खोला गया और प्राप्त राशि की सार्वजनिक रूप से गिनती की गई। मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने बताया कि जून महीने के भंडार की गणना 7 चरणों में पूरी की गई, जिसमें प्राप्त नकदी, सोना-चांदी और अन्य चढ़ावे की गिनती हुई है। जानें श्री सांवलिया सेठ मंदिर में जून में कितना चढ़ावा आया।

मंदिर में चढ़ा 1.5 किलो से ज्यादा सोना और 110 किलो चांदी

इस बार श्री सांवलिया सेठ मंदिर के भंडार से कुल 40 करोड़ 81 लाख 40 हजार 278 रुपये की राशि प्राप्त हुई है। इसमें भंडार से 33 करोड़ 15 लाख 18 हजार 759 रुपये और ऑनलाइन व भेंटकक्ष से 7 करोड़ 66 लाख 21 हजार 519 रुपये प्राप्त हुए। गणना के दौरान, श्रद्धालुओं की तरफ से अर्पित 1 किलो 738 ग्राम 800 मिलीग्राम सोना और 110 किलो 648 ग्राम चांदी भी प्राप्त हुई है।

पिछले साल के मुकाबले आया 11 करोड़ रुपये ज्यादा का दान

पिछले साल जून महीने में हुई भंडार की गणना की तुलना में इस बार चढ़ावे में 11 करोड़ 28 लाख 17 हजार 863 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले वर्ष 24 जून, 2025 को हुई गणना में कुल 29 करोड़ 53 लाख 22 हजार 415 रुपये प्राप्त हुए थे, जो इस बार बढ़कर करीब 40.81 करोड़ रुपये तक पहुंच गए हैं। मंदिर मंडल के अनुसार, चढ़ावे में हुई यह बढ़ोतरी श्रद्धालुओं की श्री सांवलिया सेठ के प्रति बढ़ती आस्था और विश्वास को दर्शाती है।

Shri Sanwaliya Seth Temple
Image Source : REPORTERS INPUTश्री सांवलिया सेठ मंदिर काे खजाने की सार्वजनिक रूप से गिनती हुई।

भंडार में चढ़ावे की गिनती के दौरान मौजूद रहे ये कर्मचारी

भंडार गणना के दौरान, मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव, मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिनेश चंद्र धाकड़, सदस्य किशन लाल अहीर, पवन तिवारी, रामलाल गुर्जर, हरिराम गाडरी, प्रथम प्रशासनिक अधिकारी शिव शंकर पारीक, कार्यवाहक द्वितीय प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल शर्मा, मंदिर प्रभारी भेरू गिरी गोस्वामी, रोकड़ शाखा के जितेंद्र त्रिपाठी, सहायक सुरक्षा प्रभारी बिहारी लाल गुर्जर सहित बैंक कर्मचारी और मंदिर मंडल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

(इनपुट- भगवान प्रजापत)

ये भी पढ़ें- रामलला के चढ़ावे में चोरी के खुलासे के बाद बड़ा बदलाव, काउंटिंग सिस्टम पूरी तरह बदला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।