1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में मावठ के साथ नए साल की शुरुआत, तेज बारिश के साथ ओले गिरे; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

राजस्थान में मावठ के साथ नए साल की शुरुआत, तेज बारिश के साथ ओले गिरे; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

 Published : Jan 01, 2026 01:27 pm IST,  Updated : Jan 01, 2026 01:27 pm IST

नए साल की सुबह में राजस्थान के कई इलाकों में घने कोहरे की चादर छाई रही। शेखावाटी अंचल के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में दृश्यता कई जगह शून्य तक पहुंच गई। राष्ट्रीय राजमार्गों और ग्रामीण सड़कों पर वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ा।

rajasthan rain fog alert- India TV Hindi
राजस्थान में बरसात और ओलावृष्टि से बढ़ी सर्दी। Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान में नव वर्ष 2026 की शुरुआत मौसम के बदले मिजाज के साथ हुई। प्रदेश के शेखावाटी अंचल सहित कई जिलों में मावठ, बरसात, ओलावृष्टि और घने कोहरे ने ठिठुरन बढ़ा दी है। झुंझुनूं, सीकर और चूरू जिले सहित जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़, बीकानेर और भरतपुर के अनेक हिस्सों में नए साल की पहली रात से ही रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा।

बारिश और ओलावृष्टि के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सर्दी का असर और तेज हो गया है। शेखावाटी क्षेत्र में हुई सीजन की पहली मावठ को रबी फसलों के लिए लाभकारी माना जा रहा है।

मावठ क्या है?

सर्दी के महीनों में जो भी बारिश होती है, उसे मावठ कहते है। ये रबी की फसलों (गेहूं, चना, सरसों) बहुत ही लाभदायक मानी जाती है, जिससे उन्हें शुरुआती नमी और पोषण मिलता है। तो मावठ सर्दियों में आने वाली वह बारिश है जो किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। मावठ शब्द राजस्थान और इसके आसपास के इलाकों में चलता है।

मौसम विभाग की चेतावनी जारी

मौसम विभाग ने गुरुवार को भी जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार आगामी 24 से 48 घंटे मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं।

घने कोहरे से विजिबिलिटी शून्य के करीब

नए साल की सुबह प्रदेश के कई इलाकों में घने कोहरे की चादर छाई रही। शेखावाटी अंचल के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में दृश्यता कई जगह शून्य तक पहुंच गई। राष्ट्रीय राजमार्गों और ग्रामीण सड़कों पर वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ा। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।

किसानों के लिए राहत, आमजन के लिए चुनौती

सीजन की इस पहली मावठ से गेहूं, चना, सरसों सहित रबी फसलों को खासा फायदा हुआ है। खेतों में नमी बढ़ने से सिंचाई की आवश्यकता कम होगी। वहीं दूसरी ओर बढ़ती ठंड और कोहरे से बुजुर्गों, बच्चों और दैनिक कामगारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

एहतियात बरतने की अपील

मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने, गर्म कपड़े पहनने, वाहन धीमी गति से चलाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

नव वर्ष की शुरुआत जहां एक ओर किसानों के लिए शुभ संकेत लेकर आई है, वहीं आम जनजीवन पर मौसम की मार साफ नजर आ रही है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

नए साल पर बेमौसम बारिश ने मुंबई में सुहाना किया मौसम, तो दिल्ली में भयंकर ठंड; पढ़ें वेदर रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।