1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान: नाबालिग लड़की से रेप के आरोपी को थाने लेकर गई पुलिस तो वह निकली महिला, मामला जानकर सब हैरान

राजस्थान: नाबालिग लड़की से रेप के आरोपी को थाने लेकर गई पुलिस तो वह निकली महिला, मामला जानकर सब हैरान

 Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Dec 17, 2022 11:42 am IST,  Updated : Dec 17, 2022 11:42 am IST

नाबालिग लड़की से रेप का आरोप जिस पुरुष पर लगा था, वह तो पुरुष के भेष में एक महिला निकली। इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और रेप का आरोप झूठा पाया गया। मेडिकल जांच में भी आरोपी के महिला होने की पुष्टि हुई है।

Rajasthan News- India TV Hindi
रेप का आरोपी पुरुष, जांच में निकला महिला Image Source : REPRESENTATIVE PICTURE

जयपुर: कई बार कुछ मामले पुलिस को भी हैरान कर जाते हैं। इस बार जो मामला सामने आया है, उसे जानकार हर कोई दंग है। दरअसल यहां रेप के एक आरोपी को पुलिस जब थाने पकड़कर ले गई तो वहां पता चला कि वह तो एक महिला है, जो पुरुष के भेष में रह रही थी। ये जानकारी पुलिस ने दी है। हालांकि इस महिला पर रेप का मामला तो नहीं बना लेकिन अपहरण का जरूर बना है। 

क्या है पूरा मामला

राजस्थान के सिरोही जिले में रेप का आरोप जिस पुरुष पर लगा था, वह तो पुरुष के भेष में एक महिला निकली। इस बात का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जांच की। महिला थाना की प्रभारी माया पंडित ने बताया कि 28 नवंबर को मामला दर्ज किया गया था कि शंकर नामक आरोपी ने एक नाबालिग लड़की को अगवा कर उससे रेप किया।

पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पांच दिसंबर को थाने ले आई। आरोपी ने पुलिस से कहा कि वह पुरुष नहीं बल्कि पुरुष के भेष में रहने वाली महिला है। मेडिकल जांच की गई, जिसमें आरोपी के महिला होने की पुष्टि हुई। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपी पर बलात्कार का आरोप झूठा पाया गया लेकिन उस पर अपहरण का भी आरोप लगाया गया था, इसलिए उसे संबंधित धारा के तहत गिरफ्तार किया गया।

क्यों रहती थी पुरुष के भेष में?

आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कहा कि अपने पति द्वारा छोड़ दिए जाने के बाद वह आजीविका कमाने के लिए इस तरह से पुरुष के भेष में रहने लगी।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।