1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. अवध एक्सप्रेस की पैंट्री कार में मिले सड़े आलू-अंडे, डिवीजन मैनेजर ने गंदगी देख ठेकेदार को लगाई फटकार; IRCTC तक पहुंचा मामला

अवध एक्सप्रेस की पैंट्री कार में मिले सड़े आलू-अंडे, डिवीजन मैनेजर ने गंदगी देख ठेकेदार को लगाई फटकार; IRCTC तक पहुंचा मामला

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Jan 23, 2026 05:11 pm IST,  Updated : Jan 23, 2026 05:11 pm IST

ट्रेन में मिलने वाले खाने की क्वालिटी को लेकर इन दिनों बवाल मचा हुआ है। ताजा मामला सामने आया है अवध एक्सप्रेस से जहां पर पैंट्रीकार से सड़े आलू और सड़े अंडे बरामद किए गए हैं।

Rotten potatoes and eggs, awadh Express, Indian railway - India TV Hindi
अवध एक्सप्रेस। Image Source : INDIANRAILINFO

भारतीय ट्रेनों में खाने की क्वालिटी में अब काफी सुधार हो रहा है, खासकर प्रीमियम ट्रेनों में जहां कई हाइजीनिक खाना परोसा जा रहा है। IRCTC ने खाने की गुणवत्ता और स्वाद बेहतर करने के लिए चुनिंदा ट्रेनों में नया Meal Trial शुरू किया है, जिसमें ताज़ा भोजन परोसा जा रहा है। हालांकि, इसी बीच अवध एक्सप्रेस (19037) में फिर गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़ी गाड़ी के पैंट्री कार में अचानक मंडल वाणिज्य प्रबंधक किशोर पटेल पहुंच गए। औचक निरीक्षण के दौरान जब उनको वहां बड़ी मात्रा में सड़े हुए आलू और खराब अंडे देखने को मिले तो उनका पारा चढ़ गया। 

पैंट्री ठेकेदार को लगाई फटकार 

मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने पैंट्रीकार में पोहा, दाल और छोले की सब्जी की खराब क्वालिटी का भी संज्ञान लिया। खाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल को मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। सड़ी-गली खाद्य सामग्री को तुरंत नष्ट करवाया गया। बता दें कि, निरीक्षण के दौरान पैंट्रीकार की सफाई  व्यवस्था भी बेहद खराब पाई गई। मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने मौके पर मौजूद पैंट्री ठेकेदार और पैंट्रीकार मैनेजर को कड़ी फटकार लगाई। इसके बाद उन्होंने दोषियों पर कड़ी पेनल्टी लगाने के आदेश भी जारी किए गए।

IRCTC तक पहुंचा मामला 

कोटा मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, जनसंपर्क अधिकारी सौरभ जैन ने बताया कि, 'ट्रेनों में खानपान व्यवस्था की जांच नियमित रूप से की जाती है। पैंट्री एजेंसी IRCTC को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है। फिलहाल जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई के बारे में स्थिति स्पष्ट की जाएगी।' 

ये भी पढ़ें -
भारत का इकलौता शहर, जहां पुलिस की वर्दी खाकी नहीं सफेद है; नाम सुनकर यकीन नहीं होगा 

 

भारत का इकलौता रेलवे स्टेशन, जहां 2 प्लेटफॉर्म के बीच से निकलती है रोड; एक साथ दौड़ती हैं कार और ट्रेन
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।