1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राहुल गांधी के बाद राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी का ट्विटर अकाउंट भी लॉक किया गया

राहुल गांधी के बाद राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी का ट्विटर अकाउंट भी लॉक किया गया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 12, 2021 10:54 pm IST,  Updated : Aug 12, 2021 10:54 pm IST

पैगसस जासूसी मामले पर डोटासरा ने दावा किया कि अब यह साबित हो गया है कि केन्द्र की सरकार पैगसस के माध्यम से सबकी जासूसी करा रही है।

Twitter blocked account of Rajasthan Congress: Dotasra- India TV Hindi
ट्विटर ने राजस्थान कांग्रेस प्रदेश कमेटी के अकाउंट को भी लॉक कर दिया। Image Source : PTI

जयपुर: ट्विटर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी व पार्टी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट को लॉक करने के बाद बृहस्पतिवार को राजस्थान कांग्रेस प्रदेश कमेटी के अकाउंट को भी लॉक कर दिया। इस बीच कांग्रेस नेताओं ने संगठन से जुड़े विभिन्न नेताओं के ट्विटर अकाउंट लॉक करने के लिए सोशल मीडिया कंपनी की आलोचना की है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने संवाददाताओं से कहा, “पीसीसी राजस्थान के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट को ब्लॉक कर दिया गया है।'’ पार्टी सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेता राहुल गांधी के अकाउंट को लॉक करने की आलोचना करने वाले ट्वीट की वजह से पार्टी का अकाउंट लॉक किया गया है। 

इससे पहले डोटासरा ने कांग्रेस ने नेताओं के ट्विटर अकाउंट को ब्लॉक किये जाने पर केन्द्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘ट्विटर केन्द्र सरकार के दबाव में काम कर रहा है, लोकतंत्र में यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।’’ प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ‘‘जो केन्द्र सरकार की बात नहीं मानता है या उनकी गलत नीतियों का विरोध करता है, उस पर आयकर विभाग, एक्साईज विभाग, सीबीआई आदि के छापे डलवाना, यह केन्द्र सरकार की आदत बन गई है।’’ 

पैगसस जासूसी मामले पर डोटासरा ने दावा किया कि अब यह साबित हो गया है कि केन्द्र की सरकार पैगसस के माध्यम से चाहे मीडिया हो, चाहे अधिकारी हो, चाहे पक्ष और विपक्ष के नेता हो, सबकी जासूसी करा रही है। यहां तक कि मोदी जी अपने नजदीक के नेताओं की भी जासूसी करवा रहे है।” उन्होंने आरोप लगाया, “ऐसा करके केन्द्र की सरकार बाबा साहेब डॉ. आम्बेडकर के बनाए संविधान को खत्म करने का कार्य कर रही है। मेरा मानना है कि केन्द्र सरकार को तुरन्त पेगासस जासूसी प्रकरण की जांच करवानी चाहिए।” 

वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी कांग्रेस पार्टी व उसके नेताओं के ट्विटर अकाउंट लॉक करने को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया है। पायलट ने कहा कि इन हथकंडों के बाद भी पार्टी न्याय के लिए आवाज उठाती रहेगी। पायलट ने ट्वीट पर राहुल गांधी और अब कांग्रेस पार्टी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, महासचिव अजय माकन,महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव के ट्विटर अकाउंट लॉक करने का जिक्र किया। 

उन्होंने कहा, ‘इनके ट्विटर अकाउंट लॉक करना लोकतंत्र व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। इन हथकंडों के बाद भी हम न्याय और जनहित की आवाज उठाना बंद नहीं करेंगे।’ उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसके और उसके कई नेताओं के ट्विटर अकाउंट को माइक्रोब्लॉगिंग मंच ने लॉक कर दिया है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले दिल्ली में कथित दुष्कर्म एवं हत्या की पीड़िता नौ वर्षीय बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की तस्वीर साझा करने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट लॉक किया गया था। 

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।