1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. Video: फिर अस्पतालों की सुरक्षा पर उठे सवाल; सीकर में मरीज ने स्टाफ के साथ की मारपीट, गार्ड का सिर फटा, 4 टांके लगे

Video: फिर अस्पतालों की सुरक्षा पर उठे सवाल; सीकर में मरीज ने स्टाफ के साथ की मारपीट, गार्ड का सिर फटा, 4 टांके लगे

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 07, 2024 11:46 pm IST,  Updated : Nov 08, 2024 06:24 am IST

मरीज ने अस्पताल में जमकर मारपीट की। इस दौरान एक गार्ड के सिर में चोट लग गई। इस घटना ने एक बार फिर अस्पतालों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं।

patient clash- India TV Hindi
मारपीट करता मरीज Image Source : INDIA TV

राजस्थान की सीकर में एक मरीज ने अस्पताल में जमकर मारपीट की। आरोपी ने लोही की कुर्सी लेकर एक गार्ड पर हमला कर दिया। हमले में गार्ड का सिर फट गया, जिसके चार टांके लगे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी खून से लथपथ नजर आ रहा है और लोहे की कुर्सी लेकर पूरे अस्पताल में घूमता नजर आ रहा है। 

घटना सीकर के एसके हॉस्पिटल की है। यहां मरीज सुरेश महला ने स्टाफ के साथ मारपीट की। आरोपी ने लोहे की कुर्सी से स्टाफ पर हमला कर दिया, जिसमें स्टाफ के चार लोग घायल हो गए। मरीज की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। ऐसे में परिजन उसे हॉस्पिटल से ले गए।

सिर पर लगी थी चोट

सीकर एसके हॉस्पिटल में इलाज करवाने आए पेशेंट सुरेश महला निवासी भूमा (लक्ष्मणगढ़) को सिर में चोट लगी थी। सुबह 7 बजे परिजन उसे सीकर के एसके हॉस्पिटल में लेकर आए थे। पेशेंट ने हॉस्पिटल में आते ही नर्सिंग स्टाफ के साथ बेरहमी से मारपीट करना शुरू कर दी। पेशेंट ने हॉस्पिटल के गार्ड में भी लोहे की रॉड से वार किया। जिससे गार्ड का सिर फट गया और 4 टांके लगे। पेशेंट लोहे की कुर्सी से स्टाफ पर वार करने लग गया। वह हॉस्पिटल में कुर्सी लेकर घूमता रहा जिससे स्टाफ उसके पास जाने से डर रहा था। इस घटना में स्टाफ के 4 लोगों को चोट लगी है। बताया जा रहा है कि पेशेंट की दिमागी हालत ठीक नहीं थी जिसकी वजह से वह मारपीट करने लगा। घटना के बाद परिजन मरीज को हॉस्पिटल से ले गए।

अस्पतालों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर अस्पतालों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं। इससे पहले पश्चिम बंगाल में आरजी कर अस्पताल में ड्यूटी के दौरान महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म हुआ था और इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। घटना के कुछ दिनों बाद असामाजिक तत्वों ने अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़ की थी और सबूत भी मिटा दिए थे। इसके बाद डॉक्टरों ने अपनी सुरक्षा को लेकर देशव्यापी हड़ताल की थी। हालांकि, अब तक अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कोई कठोर कदम नहीं उठाए गए हैं।

(सीकर से मुकुल जोशी की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।