1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. खुशी-खुशी जा रहा हूं... सोशल मीडिया पर लिखीं 11 पोस्ट फिर प्रेम-प्रसंग के चलते ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने दी जान

खुशी-खुशी जा रहा हूं... सोशल मीडिया पर लिखीं 11 पोस्ट फिर प्रेम-प्रसंग के चलते ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने दी जान

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jul 15, 2026 11:47 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 11:51 pm IST

मृतक के भाई ने सूरजगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि संदीप का एक युवती से प्यार का चक्कर चल रहा था। इस प्रेम-प्रसंग के संबंध की जानकारी युवती के परिजनों को हो गई थी।

युवक ने सोशल मीडिया पर लिखी पोस्ट- India TV Hindi
युवक ने सोशल मीडिया पर लिखी पोस्ट Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के महपालवास निवासी 24 वर्षीय संदीप जाट की सैनिक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से पहले युवक द्वारा फेसबुक और इंस्टाग्राम पर किए गए कई भावुक पोस्ट सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। मृतक के परिजनों ने एक युवती के परिजनों पर लगातार धमकियां देने और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फाइनेंस कंपनी में काम करता था युवक

जानकारी के अनुसार संदीप एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। वह सोमवार शाम घर से सूरजगढ़ जाने की बात कहकर निकला था। मंगलवार सुबह सूचना मिली कि दिल्ली कैंट से जयपुर जा रही सैनिक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सूरजगढ़ पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची। स्टेशन मास्टर ने भी युवक के ट्रेन के आगे आने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

फेसबुक पर साझा कीं 11 स्टोरी

घटना से पहले संदीप ने फेसबुक पर लगातार 11 स्टोरी साझा की थीं। इनमें एक युवती के साथ तस्वीरें और भावुक संदेश शामिल थे। कुछ पोस्ट में उसने लोगों से अपनी गलतियों के लिए माफी मांगी और विदाई जैसे संदेश लिखे। एक स्टोरी में मृतक युवक ने लिखा, 'गुडबॉय लाइफ टाइम लिया... खुशी-खुशी जा रहा हूं। कोई गलती हुई हो तो माफ करना। इंस्टाग्राम पर साझा अंतिम पोस्ट में भी उसने एक युवती के परिजनों पर कथित रूप से जान से मारने की धमकियां देने का आरोप लगाया था। इन पोस्टों के बाद उसकी मौत की खबर सामने आने से पूरे क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई।

युवती के साथ था प्रेम-प्रसंग का मामला

मृतक के भाई ने सूरजगढ़ थाने में दी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि संदीप का एक युवती से प्रेम-प्रसंग था। करीब एक साल पहले इस संबंध की जानकारी युवती के परिजनों को हो गई थी। इसके बाद पिछले दो माह से उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं। रिपोर्ट में मारपीट करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां देने के भी आरोप लगाए गए हैं। परिजनों का कहना है कि इन्हीं परिस्थितियों के चलते संदीप मानसिक तनाव में था।

इंस्टाग्राम अकाउंट से हटाई गई स्टोरी

परिजनों ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने संदीप के इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा की गई जानकारी हटा दी और अकाउंट भी स्थायी रूप से बंद कर दिया। उन्होंने इसकी भी जांच कराने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

सूरजगढ़ पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट, परिजनों के आरोप और अन्य सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

अमित शर्मा की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

राजस्थान में देर रात भीषण हादसा, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डंपर से टकराई, 5 युवकों की हो गई मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।