1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रतिष्ठित कारोबारी अनूप गुप्ता की ट्रेन की चपेट में आने से मौत, बेटे को स्कूल छोड़ने के बाद बनवा रेलवे क्रॉसिंग क्यों पहुंचे?

प्रतिष्ठित कारोबारी अनूप गुप्ता की ट्रेन की चपेट में आने से मौत, बेटे को स्कूल छोड़ने के बाद बनवा रेलवे क्रॉसिंग क्यों पहुंचे?

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jul 06, 2026 06:35 pm IST,  Updated : Jul 06, 2026 06:35 pm IST

बाराबंकी के कृष्णा स्वीट्स के संचालक एवं जाने-माने कारोबारी अनूप गुप्ता की फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। अनूप गुप्ता सोमवार सुबह अपने 9 वर्षीय बेटे मनन गुप्ता को स्कूल छोड़ने गए थे और वापस घर नहीं लौटे।

अनूप गुप्ता की फाइल...- India TV Hindi
अनूप गुप्ता की फाइल फोटो। Image Source : REPORTER INPUT

बाराबंकी शहर के बड़े चौराहे पर स्थित कृष्णा स्वीट्स के संचालक एवं जाने-माने कारोबारी अनूप गुप्ता की सोमवार सुबह बनवा रेलवे क्रॉसिंग के पास फरक्का एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद पूरे व्यापारिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम हाउस पर बड़ी संख्या में व्यापारी, रिश्तेदार और शुभचिंतक पहुंचे तथा परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

बेटे को स्कूल छोड़ने के बाद घर नहीं लौटे

जानकारी के अनुसार, अनूप गुप्ता सोमवार सुबह अपने 9 वर्षीय बेटे मनन गुप्ता को सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल छोड़ने गए थे। इसके लिए उन्होंने अपने पड़ोसी हिमांशु रस्तोगी की मोटरसाइकिल ली थी। बेटे को स्कूल छोड़ने के बाद वह घर नहीं लौटे। कुछ देर बाद जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के बनवा रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन संख्या 15744 फरक्का एक्सप्रेस की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, स्कूल से घर लौटने के लिए बनवा रेलवे क्रॉसिंग वाला मार्ग सामान्य रास्ता नहीं पड़ता है। ऐसे में वह वहां कैसे पहुंचे, इसकी जांच पुलिस कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

टॉपर रही है अनूप गुप्ता की बेटी

अनूप गुप्ता की 18 वर्षीय बेटी भव्या गुप्ता इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश के टॉपर्स की सूची में शामिल रही थीं और वर्तमान में विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हैं।

व्यापारियों ने बताया- मानसिक रूप से परेशान अनूप

घटना के बाद व्यापारियों में गहरा शोक है। कई व्यापारियों ने बताया कि अनूप गुप्ता पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान दिखाई दे रहे थे। कुछ व्यापारियों का यह भी कहना है कि उनकी परेशानी का संबंध किसी लेन-देन या आर्थिक विवाद से हो सकता है। हालांकि, इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस ने भी घटना के कारणों पर कोई निष्कर्ष जारी नहीं किया है। जहांगीराबाद थाना पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।

(रिपोर्ट- दीपक निर्भय)

यह भी पढ़ें-

हापुड़ में बीच सड़क खौफनाक वारदात, बहस होने पर युवक को कार के बोनट पर घसीटा, वारदात CCTV में हुआ कैद

बदायूं में शादी की खुशियां मातम में बदली, बिजली के तार से एक की मौत, पांच झुलसे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।