1. Hindi News
  2. धर्म
  3. त्योहार
  4. परिवर्तिनी एकादशी का व्रत कब है ? नोट कर लें डेट, शुभ मुहूर्त और पारण का समय

परिवर्तिनी एकादशी का व्रत कब है ? नोट कर लें डेट, शुभ मुहूर्त और पारण का समय

 Written By: Vineeta Mandal
 Published : Sep 16, 2026 04:32 pm IST,  Updated : Sep 16, 2026 04:32 pm IST

हिंदू धर्म में एकादशी व्रत का विशेष महत्व होता है। इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है। एकादशी का व्रत करने से सुख-समृद्धि और धन, वैभव की प्राप्ति होती है। तो यहां जानिए परिवर्तिनी एकादशी का व्रत कब रखा जाएगा।

परिवर्तिनी एकादशी 2026- India TV Hindi
परिवर्तिनी एकादशी 2026 Image Source : INDIA TV

हर साल भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को परिवर्तिनी एकादशी का व्रत रखा जाता है। इस दिन व्रत रख कर भगवान विष्णु की विधि-विधान के साथ पूजा की जाती है। हिंदू धर्म में मान्यता है कि एकादशी का व्रत करने से व्यक्ति पर नारायण की विशेष कृपा बरसती है और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है। प्रत्येक एकादशी के दिन विष्णु जी के साथ मां लक्ष्मी की भी आराधना अवश्य करें। ऐसा करने से धन-धान्य में बरकत होती है।

 हर माह में दो बार एकादशी का व्रत रखा जाता है एक शुक्ल और दूसरा कृष्ण पक्ष में। सभी एकादशियां महत्वपूर्ण मानी जाती है लेकिन भाद्रपद महीने में आने वाली एकादशी का खास महत्व होता है।  शास्त्रों के अनुसार माना जाता है कि इस दिन भगवान श्री विष्णु शयन शैय्या पर सोते हुए करवट लेते हैं। बता दें कि अभी भगवान विष्णु को शयनकाल चल रहा है और नारायण देवउठनी एकादशी के दिन योग निद्रा से जागेंगे। इस अवधि को चातुर्मास के नाम से जाना जाता है। तो चलिए अब जानते हैं कि इस साल परिवर्तिनी एकादशी का व्रत कब रखा जाएगा और मुहूर्त, पारण का समय क्या रहेगा।

परिवर्तिनी एकादशी 2026 डेट

पंचांग के अनुसार,  भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि का आरंभ 21 सितंबर को रात 8 बजे होगा। एकादशी तिथि का समापन 22 सितंबर को रात 9 बजकर 43 मिनट पर होगा। उदया तिथि के अनुसार, परिवर्तिनी एकादशी का व्रत 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

परिवर्तिनी एकादशी 2026 शुभ मुहूर्त

परिवर्तिनी एकादशी व्रत के दिन पूजा के लिए ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 बजकर 52 मिनट से सुबह 5 बजकर 40 मिनट तक रहेगा। अभिजित मुहूर्त दोपहर 12 बजकर 7 मिनट से दोपहर 55 मिनट तक रहेगा। वहीं गोधूलि मुहूर्त शाम 6 बजकर 35 मिनट पर आरंभ और समाप्त शाम 6 बजकर 59 मिनट पर होगा। सायाह्न संध्या मुहूर्त शाम 6 बजकर 35 मिनट से शाम 7 बजकर 46 मिनट तक रहेगा।

परिवर्तिनी एकादशी 2026 पारण का समय

एकादशी व्रत में पारण का विशेष महत्व होता है और मुहूर्त देखकर ही व्रत खोला जाता है। परिवर्तिनी एकादशी व्रत का पारण 23 सितंबर 2026 को किया जाएगा। पारण के लिए शुभ समय 23 सितंबर को सुबह  6 बजकर 27 मिनट से सुबह 8 बजकर 53 मिनट तक रहेगा। पारण तिथि के दिन द्वादशी समाप्त होने का समय  रात 10 बजकर 50 मिनट रहेगा। माना जाता है कि एकादशी व्रत का पारण द्वादशी तिथि के अंदर न करना पाप करने के समान होता है।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

यह भी पढ़ें:

संतान के सुखी जीवन के लिए इस दिन महिलाएं रखेंगी जितिया (जीवित्पुत्रिका) का व्रत, जानें डेट , मुहूर्त और पारण का समय

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Festivals से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें धर्म