ज्योतिष शास्त्र में बुध ग्रह को राजकुमार का दर्जा प्राप्त है। इसके साथ ही बुध शुभ ग्रहों में से एक हैं। बुध को बुद्धि, तर्क, वाणी, शिक्षा और कारोबार का कारक ग्रह माना जाता है। ऐसे में कुंडली में बुध की स्थिति बहुत महत्वपूर्ण हो जाती है। आज हम आपको ऐसे कुछ भावों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां बुध का विराजमान होना ज्योतिष में शुभ माना गया है। इन भावों में बैठे बुध व्यक्ति को सफलता दिला सकते हैं।
कुंडली का तृतीय भाव
कुंडली के तृतीय भाव में बुध का विराजमान होना बेहद शुभ माना जाता है। इस भाव में बैठा बुध व्यक्ति को तीक्ष्ण बुद्धि और तार्किक क्षमता प्रदान करता है। ऐसे लोग अपने हुनर से लोगों को प्रभावित करते हैं। मार्केटिंग, मीडिया, लेखन, शोध आदि कार्यों में ऐसे लोगों को जबरदस्त सफलता मिल सकती है। ऐसे लोग शिक्षा के क्षेत्र में भी उपलब्धियां प्राप्त कर सकते हैं। सामाजिक स्तर पर अपनी तार्किक क्षमता के लिए ऐसे लोगों को जाना जा सकता है। अक्सर ऐसे लोग पार्टियों की जान भी होते हैं क्योंकि बात करने की कला भी इनको बखूबी आती है।
कुंडली का पंचम भाव
कुंडली के पंचम भाव को शिक्षा का भाव भी कहा जाता है। ऐसे में पंचम भाव में शिक्षा के कारक ग्रह बुध का स्थित होना बेहद शुभ होता है। ऐसे लोग छोटी उम्र से ही शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। कुशाग्र बुद्धि होने के कारण जबरदस्त सफलता भी ऐसे लोग शिक्षा के क्षेत्र में प्राप्त कर सकते हैं। गणित, कंप्यूटर जैसे विषयों में इनकी अच्छी पकड़ हो सकती है। ऐसे लोग अपना कारोबार शुरू करने में भी कामयाब हो सकते हैं। इसके साथ ही प्रेम और वैवाहिक जीवन में भी अक्सर ऐसे लोगों को अच्छे परिणाम प्राप्त हो सकते हैं।
कुंडली का दशम भाव
कुंडली के दशम भाव को करियर का भाव भी कहा जाता है। इस भाव में विराजमान बुध भी व्यक्ति को शुभ परिणाम जीवन में देते हैं। खासकर करियर के क्षेत्र में उच्च पद और प्रतिष्ठा ऐसे लोगों को प्राप्त हो सकती है। खास बात यह है कि ऐसे लोग अक्सर छोटी उम्र से ही कमाई करना शुरू कर सकते हैं। इनमें निर्णय लेने की भी गजब की क्षमता देखने को मिल सकती है। बुध के प्रभाव के कारण शिक्षा के क्षेत्र में भी अच्छे परिणाम इनको मिल सकते हैं। शेयर बाजार और सोशल मीडिया के जरिए भी ऐसे लोग जबरदस्त धन लाभ पा सकते हैं।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें:
आगे से नुकीली या चौकोर कैसी है उंगलियों की बनावट? आकार से पहचानें अपनी ताकत